जम्मू की युवती से मेरठ में दुष्कर्म, दोस्ती का वास्ता देकर अनंतनाग से बुलाया था नौचंदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू कश्मीर की युवती को मेरठ बुलाकर दुष्कर्म करने की वारदात सामने आई है। शिकायत मिलने पर जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले से बिज बिहाड़ा थाने की पुलिस मेरठ पहुंची और युवती को बरामद किया। पुलिस का दावा है कि अभी जांच चल रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इंस्पेक्टर नौचंदी संजय वर्मा के मुताबिक, भावनपुर निवासी आमिर अनंतनाग में कपडे़ सिलाई का काम करता था। वहां उसकी एक युवती से दोस्ती हो गई थी। कुछ समय बाद आमिर घर लौट आया, लेकिन युवती से लगातार फोन पर बात होती रही।
एक जनवरी को युवती हवाई जहाज से दिल्ली पहुंची। आमिर युवती को दिल्ली से अपने गांव भावनपुर ले आया। दो-तीन दिन बाद आमिर ने नौचंदी थाने के ढवाईनगर में एक कमरा किराए पर लिया। वहां दोनों रहने लगे।
युवती के परिजनों ने अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। शुक्रवार देररात जम्मू पुलिस ने भावनपुर में दबिश दी। वहां से आमिर के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद नौचंदी पुलिस के साथ ढवाईनगर में दबिश देकर युवती को बरामद किया।
पुलिस का कहना कि युवती को बंधक बनाकर रखा गया था। उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया। आरोपी आमिर की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह का कहना है कि जम्मू पुलिस ने जिला अस्पताल में युवती का मेडिकल कराया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
छेड़छाड़ से परेशान युवतियां पहुंची एसएसपी ऑफिस
उधर पड़ोसी की छेड़छाड़ से परेशान शहर की ही एक शिक्षिका शनिवार को एसएसपी ऑफिस में बिलख पड़ी। कैंट क्षेत्र निवासी शिक्षिका का लालकुर्ती में कोचिंग सेंटर है। उसने पड़ोसी व्यक्ति पर डेढ़ साल से परेशान करने का आरोप लगाया।
बताया कि फरवरी 2020 में आरोपी ने घर में घुसकर और 21 दिसंबर 2020 को कोचिंग सेंटर में दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर तेजाब डालने की धमकी दी। लालकुर्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने कहा कि यदि इंसाफ नहीं मिला तो आत्महत्या कर लूंगी। एसपी क्राइम रामअर्ज ने कहा कि पुलिस जांच कर कार्रवाई कर रही है।
वहीं पल्लवपुरम निवासी दो बहनें पड़ोसी युवक की छेड़छाड़ से परेशान हैं। शनिवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचकर उन्होंने शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी वह घर से निकलती हैं तो आरोपी छींटाकशी करता है। मोबाइल नंबर देने का दबाव बनाता है। एसपी क्राइम रामअर्ज ने पल्लवपुरम इंस्पेक्टर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।