Meerut: महंगाई के तड़के से दाल बेस्वाद, 50 रुपये प्रति किलो तक बढ़े दाम, जीरा 600 रुपये प्रति किलो पहुंचा
बढ़ती महंगाई से रसोई का बजट गड़बड़ाने लगा है। गर्मी बढ़ने के साथ हरी सब्जियों के दामों में भी तेजी आई ही है, साथ ही दालों के दाम में भी काफी तेजी आई है। जीरा 600 रुपये किलो तक मिल रहा है।
विस्तार
पिछले एक महीने में दालों के रेट में जबरदस्त उछाल आया है। प्रत्येक दाल की कीमत 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गई है। जीरे के दाम 300 रुपये प्रति किलो से सीधे 600 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। इससे रसोई का बजट गड़बड़ाने लगा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही हरी सब्जियों के दामों में भी तेजी आ रही है। नवीन मंडी में भिंडी और अरवी 40-50 रुपये प्रति किलो में बिक रही हैं। अदरक के दाम 220 से 240 रुपये प्रति किलो हैं। खीरा और नींबू भी एक सप्ताह में महंगे हुए हैं।
सरकार ने दाल भंडारण पर रोक लगा दी है। इसके बाद भी अरहर के साथ छोले, धुली उदड़ की दाल के भाव में खासी तेजी आई है। एक तरफ छोटे व्यापारी इसे जमाखोरी बता रहे हैं। नवीन मंडी व्यापारी और संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने बताया कि मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक में इस बार अरहर की फसल कम हुई है, जिस कारण महंगाई बढ़ी है। उनका कहना है कि सरकार दाल का आयात करने की भी तैयारी कर रही है।
यह भी पढ़ें: Saharanpur: पिता की ईंट मारकर हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार
जीरे के दाम भी दो माह में दोगुना हो गए हैं। सदर मंडी व्यापारी गौरव गुप्ता ने बताया कि 300 रुपये प्रति किलो तक मिलने वाला जीरा अब 600 रुपये प्रति किलो बाजार में मिल रहा है।
तेल, रिफाइंड और टमाटर ने दी राहत
तेल और रिफाइंड के दाम कम हुए हैं। 165 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचा रिफाइंड अब 120 रुपये प्रति लीटर में मिल रहा है। सरसों का तेल 170 रुपये प्रति लीटर से घटकर 120 रुपये प्रति लीटर रह गया है। वहीं नवीन मंडी में टमाटर सस्ता बिक रहा है। सब्जी विक्रेता पांच से दस रुपये प्रति किलो में बेच रहे हैं।
ऐसे बढ़े दाम
खाद्यान्न 8 जून 2023 8 मई 2023
अरहर की दाल 150 110
धुली उड़द 140 105
छोले 120 90
मूंग की दाल 120 85
मसूर की दाल 90 80
जीरा 600 300
सब्जियों के भाव (रेट प्रति किलो : नवीन मंडी में फुटकर के)
सब्जी एक सप्ताहपहले अब
खीरा 20 30-40
नींबू 40 60-70
बैंगन 10 20
हरी मिर्च 20 30-40
सब्जी एक सप्ताह पहले अब
शिमला मिर्च 20 30-40
अदरक 220-240 220-240
भिंडी 20-30 40-50
प्याज 16-18 16-18