Meerut Crime Report: पब मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, व्हाट्सएप पर ट्रांसपोर्टर ने दिया तीन तलाक
मेरठ में कैफे की आड़ में पब चलाए जाने के मामले में कैफे मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं एक व्यापारी द्वारा व्हाट्सएप पर अपनी पत्नी को तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पढ़ें मेरठ से अपराध समाचार।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के शिवपुरी स्थित ट्री हाउस कैफे की आड़ में पब चलाए जाने के मामले में कैफे मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ईव्ज पेट्रोल पंप के बराबर में शिवपुरी में ट्री हाउस कैफे में पुलिस ने गुरुवार को छापा मारकर एक युवक-युवती को पकड़ा था। स्कूली ड्रेस में बैठी छात्राएं पुलिस को देखकर भाग निकली थीं। युवक-युवती को पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर कैफे को सील कर दिया था। यहां से शराब और बीयर की बोतलें भी बरामद की गई थी। सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि मैनेजर नदीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
दुकानदार पर मोबाइल चोरी का आरोप
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मेवगढ़ी मजीदनगर निवासी सिराजुद्दीन भाजपा से पार्षद प्रत्याशी रह चुके हैं। उन्होंने पड़ोस में हवाई की दुकान करने वाले दुकानदार पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया है। मामले में लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी ने बताया कि मोबाइल चोरी नहीं हुआ है, मोबाइल खोया है। दुकानदार पर चोरी करने का आरोप गलत है।
मेरठ में राशन की दुकानों पर मिलने वाला चावल गरीबों की थाली की जगह कालाबाजारियों के गोदाम में स्टॉक किया जा रहा है। मामले का खुलासा तब हुआ जब आपूर्ति विभाग की टीम ने लिसाड़ी गेट क्षेत्र स्थित एक गोदाम पर छापा मारा, जहां भारी मात्रा में सरकारी चावल बरामद हुआ। आपूर्ति विभाग ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
श्यामनगर में किशोर ने फंदा लगाकर जान दी
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर में किशोर ने ई-रिक्शा गैराज की दूसरी मंजिल पर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कराने से इनकार कर दिया।
श्यामनगर 20 फुटा रोड निवासी नसीरुद्दीन का ई-रिक्शा का गैराज है। शुक्रवार को नसीरुद्दीन का बेटा कैफ (17) शाम तीन बजे से गायब था। परिजनों ने उसके मोबाइल पर काॅल की लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
रात को परिजन गैराज के ऊपर बने कमरे में पहुंचे तो देखा कि कैफ रोशनदान में रस्सी का फंदा बनाकर लटका हुआ था। परिजन उसे अस्पताल ले गए लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
व्हाट्सएप पर ट्रांसपोर्टर ने दिया तीन
मेरठ ट्रांसपोर्टर ने अपनी पत्नी को व्हाट्एसप पर तीन तलाक दे दिया। पीड़िता एसएसपी कार्यालय पहुंची और कार्रवाई की मांग की। लिसाड़ी गेट किदवई नगर निवासी युवती की शादी मई 2020 में हापुड़ निवासी युवक से हुई थी। युवक ट्रांसपोर्ट का काम करता है। आरोप है कि शादी के बाद से ही वह पत्नी को परेशान करने लगा। कई बार विवाहिता मायके आ गई लेकिन फिर परिवार ने इज्जत की खातिर उसे ससुराल भेज दिया। इन दिनों विवाहिता मायके आई थी। गुरुवार दोपहर तीन बजे उसके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से मैसेज आया।
विवाहिता ने मैसेज देखा तो वह तीन तलाक का नोटिस था जो पति की ओर से अधिवक्ता द्वारा व्हाट्सअप पर भेजा गया था। युवती ने अपने परिवार को इस बारे में बताया तो उन्होंने ससुरालवालों से संपर्क किया। उन्होंने फोन पर अभद्रता की। शाम को वे लिसाड़ीगेट थाने पहुंचे लेकिन पुलिस ने मदद करने से इनकार कर दिया।
एसएसपी से मिली युवती ने बताया कि तीन तलाक कानूनी अपराध है। इसके बावजूद पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की। एसएसपी कार्यालय पर सुनवाई कर रहे एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है।
मवाना रोड पर सैनी विद्युत उपकेंद्र के टीजी-2 अनुज के ऊपर तमंचा तानने व तोड़फोड़ करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर कर्मचारियों में रोष है। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने अधीक्षण अभियंता व पश्चिमांचल के कार्मिक निदेशक से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में अधीक्षण अभियंता ने एसएसपी को पत्र लिखा है।
इंचौली थाना क्षेत्र के सैनी गांव स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर तैनात टीजी-2 अनुज कुमार पर गुरुवार सुबह गांव निवासी युवक ने तमंचा तान दिया था। उसने कैशियर रूम में तोड़फोड़ की और सरकारी रिकॉर्ड के रजिस्टर फाड़ दिए। इस मामले में जेई खूबलाल की तहरीर पर इंचौली पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया था। 24 घंटे बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर विद्युतकर्मियों में रोष दिखा।
वे संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ नगरीय वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र बहादुर और पश्चिमांचल कर्मिक निदेशक से मिले और मामले से अवगत कराया। अधिकारियों ने एसएसपी से फोन पर बात की। अधीक्षण अभियंता ने एसएसपी के नाम पत्र लिखकर आरोपी युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जेई खूबलाल ने बताया कि टीजी-2 अनुज अभी अस्पताल में भर्ती है।
बाग मालिक से मांगी 10 लाख की रंगदारी
जानी थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी बाग मालिक से फोन पर 10 लाख की रंगदारी मांगी जा रही है। एसएसपी के आदेश पर जानी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाग मालिक ने बताया कि 20 अक्तूबर की सुबह उनके मोबाइल पर कॉल आई। फोन करने वाले ने अपना नाम अशोक कश्यप बताया। गाली-गलौज करते हुए कहा कि बाग से तेरी अच्छी आमदनी है। दो दिन के अंदर 10 लाख रुपये दे दे, नहीं तो तेरी हत्या कर दी जाएगी। तेरी लाश भी नहीं मिलेगी। उसे कई नंबरों से धमकी दी जा रही है। कॉल करने वाला कभी अपना नाम अशोक कश्यप, कभी अर्जुन कश्यप, जितेंद्र व लीलू बताता है। हत्या की धमकी से वह और उसका परिवार दहशत में है। पीड़ित ने मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल निकलवाकर कार्रवाई की मांग की।
मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर से 40 हजार की लूट
कालंद-पाली संपर्क मार्ग पर शुक्रवार रात मोबाइल कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर से बदमाशों ने मारपीट कर तमंचे के बल पर 40 हजार रुपये लूट लिए। मोबाइल व बाइक की चाबी छीनते समय राहगीरों को आता देख बदमाश फरार हो गए। राजीव शर्मा निवासी खेड़ा ने तहरीर दी। बताया कि वह मोबाइल कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर है।
शुक्रवार रात वह घर जा रहा था। जैसे ही वह कालंद-पाली संपर्क मार्ग पर पहुंचा तो घात लगाए बैठे आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश खेत से निकल आए और उसे रोककर मारपीट करते हुए तमंचे के बल पर 40 हजार रुपए की नकदी लूट ली। राहगीरों को आता देख बदमाश खेतों के रास्ते फरार हो गए।