मेरठ: कार्यकारिणी में 41 फीसदी महिलाओं की भागीदारी के साथ निगम ने रचा इतिहास
मेरठ नगर निगम की कार्यकारिणी चुनाव को लेकर शनिवार को वोट डाले गए। कार्यकारिणी के चुनाव में महिलाओं की इतनी भागीदारी कभी नहीं रही जितनी इस बार रही है। इस बार महिलाओं की 41 फीसदी की भागीदारी रही है। वहीं आठ प्रत्याशी निवार्चित होने पर भाजपा नेताओं ने खुशी की लहर है।
विस्तार
कार्यकारिणी में महिलाओं को 41 फीसदी की भागीदारी के साथ मेरठ नगर निगम ने इतिहास रच दिया। इससे पहले महिलाओं की इतनी भागीदारी कभी नहीं रही। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि मेरठ क्रांतिकारी धरा है और संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के बाद मेरठ नगर निगम ने ऐतिहासिक पहल की। इसके अलावा पहली बार कार्यकारिणी में भी भाजपा के आठ सदस्य चुने गए।
महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज ने भाजपा के आठ सदस्यों के निर्वाचन को ऐतिहासिक जीत बताया।भाजपा ने चुनाव में मतदान की रणनीति मुकुंदी देवी धर्मशाला में बनाई। सुबह 9 बजे महापौर हरिकांत अहलूवालिया और महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज यहां पहुंचे। इसके बाद सांसद, राज्यमंत्री, कैंट विधायक, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कांता कर्दम, एमएलसी धर्मेद्र भारद्वाज सहित अन्य भाजपा नेता भी पहुंच गए।
नामांकन प्रक्रिया से मतदान तक भाजपा नेता जीत की गणित लगाते रहे। जीत के लिए हर सदस्य को करीब करीब आठ वोट की जरूरत थी। इसके तहत भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के साथ प्रत्याशी और छह पार्षदों को मतदान के लिए बारी-बारी भेजा गया। भाजपा नेताओं ने आठ सदस्य निर्वाचित होने को मेरठ नगर निगम की बड़ी जीत बताया।
सपा के जीते सदस्य अतुल प्रधान के करीबी
सपा के तीनों पार्षद कार्यकारणी चुनाव में सदस्य बनने के बाद सपा विधायक अतुल प्रधान से मिलने उनके आवास पर पहुंच गए। बताया गया कि तीनों पार्षद अतुल प्रधान के करीबी हैं। चुनाव में सारा समीकरण सपा पार्षदों को जिताने के लिए अतुल प्रधान ने बनाया। हालांकि, सपा विधायक रफीक अंसारी भी सपा पार्षदों के साथ मतगणना तक साथ खड़े रहे। एआईएमआईएम के पार्षदों ने सपा से भी दूरी बनाकर रखी।