Meerut: बहादरपुर रेलवे फाटक छह महीने के लिए बंद, कल से अंडरपास का काम, देखें-किस रास्ते से गुजरेंगे वाहन
मेरठ के परतापुर-मोहिद्दीनपुर रेलवे स्टेशनों के बीच बहादरपुर रेलवे फाटक संख्या 20-सी को अगले छह माह के लिए बंद कर दिया जाएगा। वहीं इस पर अंडरपास बनाया जाएगा।
विस्तार
मेरठ के परतापुर-मोहिद्दीनपुर रेलवे स्टेशनों के बीच बहादरपुर रेलवे फाटक संख्या 20-सी पर अंडरपास बनाया जाएगा। इसके लिए यह फाटक दो फरवरी से छह महीने के लिए बंद कर दिया जाएगा। इससे 16 से अधिक गांवों के ग्रामीण प्रभावित होंगे। छह महीने तक इस मार्ग से होकर गुजरने वाला यातायात मोहिद्दीनपुर रेलवे फाटक से होकर गुजरेगा।
रेलवे विभाग ने सभी फाटकों को बंद करने का निर्णय लिया है। इसलिए सभी फाटकों पर ओवरब्रिज और अंडरपास बनाए जा रहे हैं। नेशनल हाईवे-58 से बहादरपुर होकर खरखौदा जाने वाले मार्ग पर स्थित 20-सी फाटक को भी बंद किया जाएगा।
पहले यहां अंडरपास बनाया जाएगा। इसके बाद ओवरब्रिज बनेगा। अंडरपास बनाने के लिए रेलवे ने इस फाटक को दो फरवरी से आगामी छह महीने तक बंद रखने का निर्णय लिया है।
इस मार्ग से होकर जाने वाले वाहन अब मोहिद्दीनपुर फाटक संख्या-19-सी से होकर जाएंगे। फाटक बंद होने के कारण बहादरपुर, सैदपुर, सोलाना, कांसी, मोहिद्दीनपुर, भढ़या, सैफपुर, चूडियाला, इकला, गांवड़ी, भड़जन, छज्जूपुर, पलौता, मुरादाबाद, सकूरपुर आदि गांव के ग्रामीण प्रभावित होंगे।