Meerut: बाइक सवार दंपती से लूट का प्रयास, मैनेजर पति की गोली मारकर हत्या, सरूरपुर में हुई सरेशाम घटना
मेरठ के सरूरपुर में गुरुवार को सरेशाम दंपती से लूट के विरोध में पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की काफी तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
विस्तार
मेरठ सरूरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम रजबहे की पटरी पर बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार दंपति से लूटपाट का विरोध करने पर पति अरुण प्रजापति (30) की गोलियां मारकर हत्या कर दी। अरुण का मोबाइल रजबहे में फेंकने के बाद बदमाश उनकी पत्नी का पर्स लूटकर फरार हो गए। एसएसपी, एसपी देहात और सीओ ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
बागपत के बड़ौत के पास त्यौढ़ी गांव निवासी अरुण प्रजापति नीशो कंपनी में मैनेजर थे। उनकी शादी छह माह पहले सरधना थाना क्षेत्र के गांव कुशावली की अर्चना से हुई थी। गुरुवार दोपहर एक बजे अरुण पत्नी अर्चना के साथ बाइक से सरधना दवाई लेने आए थे। इसके बाद वे ससुराल कुशावली चले गए। शाम को पांच बचे वह पत्नी के साथ त्यौढ़ी के लिए निकल गए।
पत्नी अर्चना के मुताबिक करीब छह बजे धनवाली मंदिर रजबहा पटरी और मेरठ करनाल हाईवे के बीच पहुंचे तो बाइक पर आए दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर दंपती को रोक लिया। बदमाशों ने अरुण का मोबाइल छीनकर रजबहे में फेंक दिया। इसके बाद अर्चना का पर्स लूट लिया।
अरुण ने विरोध किया तो बदमाशों ने सर और सीने में गोलियां मार दी। वारदात को अंजाम देकर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। अर्चना ने हाईवे की तरफ दौड़कर शोर मचाया तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सरूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक देव सिंह रावत मौके पर पहुंचे और अरुण को अस्पताल भिजवाया जहां पर उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सूचना पर पिता योगेंद्र प्रजापति मेरठ पहुंच गए। योगेंद्र गांव में परचून की दुकान करते हैं।