Meerut: मुंह में कपड़ा ठूंसकर महिला को मारने का प्रयास, तड़पती रही विवाहिता, पति व सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज
उत्तर प्रदेश के मेरठ में महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर मारने की कोशिश की गई। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वहीं मामले में पुलिस ने पति, सास-ससुर और देवर के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।
विस्तार
मेरठ के लिसाड़ीगेट क्षेत्र में शाहिदा के मुुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे जान से मारने की कोशिश की गई। इसका एक वीडियो भी वायरल हो गया। इस मामले में पुलिस ने शाहिदा के पति अब्दुल कादिर और ससुराल वालों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की। आरोपी और उसका परिवार घर से गायब हो गया। महिला को पीटने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वहीं, आरोपी और उसका परिवार घर से फरार है।
लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र के कांच का पुल अहमदनगर निवासी अब्दुल कादिर की खैरनगर निवासी मुस्तफा की बेटी शाहिदा से चार साल पहले शादी हुई थी। आरोप है कि पति और ससुराल वाले तीन लाख रुपये की मांग कर रहे थे। पैसे न देने पर पति, देवर और सास-ससुर पिटाई करते हैं।
यह भी पढ़े: Green Field Corridor: शामली में भाकियू ने कलक्ट्रेट के सामने पानीपत-खटीमा हाईवे किया जाम, उठाईं ये मांगें
पुलिस के मुताबिक एक सप्ताह पहले महिला को उसके पति और ससुराल वालों ने बंधक बनाकर पीटा। एक कमरे में बंद कर दिया। महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। इसकी जानकारी लगने पर मायके वाले पहुंचे और बेटी को बंधनमुक्त कराया।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक इसकी शिकायत लिसाड़ीगेट थाने में हुई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। वहीं, शाहिदा अपने एक रिश्तेदार के यहां जैदी फार्म नौचंदी में रहकर इलाज करा रही थीं। रविवार को रिश्तेदारों के साथ शाहिदा नौचंदी थाने पहुंचीं। शाहिदा ने एक वीडियो दिखाया। इसमें वह बंधक बनाकर पीटते हुए दिख रही है।
पुलिस ने पति अब्दुल कादिर, ससुर इरशाद, सास नादरा और देवर दानिश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर नौचंदी लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।