Meerut: गगोल गांव में सर्पदंश से 12 वर्षीय बच्ची की मौत, जिला अस्पताल में परिजनों का हंगामा, की मुआवजे की मांग
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल गांव में झोपड़ी में सो रही 12 वर्षीय बच्ची की सर्पदंश से मौत हो गई। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने आर्थिक सहायता, स्थायी आवास और क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
विस्तार
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र स्थित गगोल गांव में जहरीले सांप के डसने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए प्रशासन से आर्थिक सहायता, स्थायी आवास और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
झोपड़ी में सो रही बच्ची को सांप ने डसा
जानकारी के अनुसार गगोल गांव के बाहरी हिस्से में तालाब किनारे झोपड़ी में रहने वाले कृष्णपाल की 12 वर्षीय बेटी बुलबुल को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजनों के मुताबिक बच्ची ने खुद उन्हें सर्पदंश की जानकारी दी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: Meerut Weather News: वेस्ट यूपी के कई जिलों में बारिश, मेरठ में उमस बरकरार; कांवड़ यात्रा पर भी असर
सपेरे से लेकर अस्पताल तक कराया इलाज
परिजन पहले बच्ची को मोहिउद्दीनपुर में एक सपेरे के पास लेकर पहुंचे। वहां राहत नहीं मिलने पर उसे बागपत रोड स्थित केएमसी अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल ले जाया गया। मंगलवार सुबह इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
मौत के बाद जिला अस्पताल में हंगामा
बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, स्थायी आवास और क्षेत्र में सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की।
तालाब की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की उठाई मांग
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के आसपास अक्सर जहरीले सांप और अन्य विषैले जीव-जंतु बस्ती तक पहुंच जाते हैं, जिससे लोगों की जान को खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से तालाब की सफाई कराने और आसपास रहने वाले परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सीओ ब्रह्मपुरी रामप्रकाश ने बताया कि सर्पदंश से बच्ची की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।