मुजफ्फरनगर के सरकुलर रोड पर दौलतपुर निवासी मोहित पुत्र दीपचंद की दिनदहाड़े हुई हत्या की पूरी पटकथा महज दो मिनट के भीतर लिखी गई। सनसनीखेज वारदात से चंद मिनट पहले मोहित अपने दोस्त अतुल के बर्थ-डे में जाने की तैयारी कर रहा था। दरअसल, गांव दौलतपुर निवासी मोहित शुक्रवार को किसी काम से सरकुलर रोड स्थित एक कॉलोनी में आया था।
कहासुनी, मारपीट... फिर सीधा सीने में उतार दी गोलियां, महज दो मिनट में लिखी गई मौत की पूरी कहानी
उसके दोस्त अतुल का बर्थ-डे था, जिसके लिए बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के पास पार्टी रखी गई थी। अतुल ने पार्टी का अरेंजमेंट कर दो अन्य दोस्तों रवि व आकाश निवासीगण गांव सोंटा को मोहित को शहर से लेकर आने के लिए कहा। इस पर रवि व आकाश बाइक पर मोहित के पास रेशू विहार आ गए। यहां से बाइक मोहित चलाने लगा, जिसके पीछे आकाश व सबसे पीछे रवि बैठ गया।
जैसे ही तीनों दोस्त बाइक से रेशू विहार चौक पर पहुंचे, पीछे से गांव जड़ौदा निवासी मालू व आकाश और गांव लच्छेड़ा निवासी लविश लंगड़ा पहुंचे और मोहित की बाइक के आगे अपनी बाइक अड़ा दी। मोहित के साथ मौजूद रवि ने पूछताछ में बताया कि बाइक सामने लगाने को लेकर मोहित व मालू के बीच कहासुनी हुई, जिसमें मोहित ने आक्रोशित होते हुए मालू को थप्पड़ जड़ दिया। मोहित द्वारा थप्पड़ मारे जाते ही मालू ने अंटी से तमंचा निकाल लिया और मोहित के सीने पर बांयी ओर रखकर गोली चला दी।
पूर्व गन्ना समिति चेयरमैन का भतीजा था मोहित
गांव दौलतपुर निवासी मोहित पुत्र दीपचंद पूर्व मंसूरपुर गन्ना समिति चेयरमैन श्यामपाल सिंह का भतीजा था। सनसनीखेज वारदात के बाद पूर्व चेयरमैन ने शहर कोतवाली व सिविल लाइंस थाने पहुंचकर अफसरों से घटना की जानकारी ली। वहीं, एसपी सिटी सतपाल आंतिल ने उन्हें पूरी घटना से अवगत कराते हुए जल्द ही हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
सरकुलर रोड स्थित रेशू विहार चौक पर शुक्रवार दोपहर जिस समय मोहित की गोली मारकर हत्या की गई, उसी समय वहां स्थित कई स्कूलों की छुट्टी हुई थी। घटना के समय भी स्कूलों की छुट्टी होने के चलते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं घटनास्थल पर मौजूद थे। मोहित को गोली लगने व उसके लहूलुहान होकर नीचे गिरते ही वहां मौजूद छात्र-छात्राओं में भगदड़ मच गई।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/