यूपी: रुठी पत्नी को मनाने के लिए व्यापारी ने रचा था सवा तीन लाख की लूट का नाटक, गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गांव सैदपुर थाना भोजपुर गाजियाबाद निवासी मोहसिन पुत्र शौकीन दिल्ली से फल खरीदकर नवीन फल मंडी में बेचता है। बुधवार दोपहर मोहसिन ने पुलिस को सूचना दी कि वह बाइक से मेरठ से दिल्ली लौट रहा था।
मोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उससे गन प्वाइंट पर 3.23 लाख रुपये लूट लिए। सूचना पर इंस्पेक्टर परतापुर सुभाष अत्री और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और मोहसिन से पूछताछ करनी शुरू कर दी।
करीब चार घंटे की पूछताछ में मोहसिन ने बताया कि उसके साथ कोई लूट नहीं हुई। उसकी पत्नी मायके गई है। ससुराल वालों ने शर्त रख दी कि पहले मकान खरीदो, तब बेटी को भेजेंगे। लूट की वारदात कराने के पीछे पत्नी को ससुराल से लाना था। पुलिस ने व्यापारी मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी क्राइम डॉ. बीपी अशोक और सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी ने पुलिस लाइन में रात करीब आठ बजे प्रेसवार्ता कर फर्जी लूट का खुलासा किया। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि आरोपी के पास इतना पैसा नहीं था। उसका मोबाइल भी मिल गया है।