बीए अंग्रेजी में जयशंकर प्रसाद का काव्य, कबीर के दोहे पढ़े़ंगे छात्र, हिंदी साहित्यकारों की रचनाएं भी सिलेबस का हिस्सा
बीए अंग्रेजी के पाठ्यक्रम में साहित्यिक व रचनात्मक बदलाव किए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में बीए अंग्रेजी में अब जयशंकर प्रसाद का प्रसिद्ध काव्य आंसू और कबीर के दोहे पढ़ाए जाएंगे। स्वामी विवेकानंद का शिकागो में दिया गया भाषण भी सिलेबस में शामिल किया गया है। महात्मा गांधी की हिंद स्वराज और टैगोर की गीतांजलि को भी बीए अंग्रेजी के सिलेबस में शामिल किया है। कोर्स को रोजगारपरक बनाने के लिए मीडिया मैनेजमेंट को भी शामिल किया है।
शुक्रवार को बोर्ड ऑफ स्ट्डीज की बैठक में अंग्रेजी के सिलेबस पर मुहर लग गई है। बीए अंग्रेजी के पाठ्यक्रम में साहित्यिक व रचनात्मक बदलाव किए गए हैं। नए सत्र से कैंपस-कॉलेजों में अंग्रेजी के छात्र ब्रिटिश एवं अमेरिकन अंग्रेजी रचनाकारों के अलावा तीन वर्ष में छह सेमेस्टर में तुलनात्मक साहित्यिक अध्ययन के लिए हिंदी, गुजराती, ग्रीक, पंजाबी, मराठी रचनाओं का अध्ययन कराया जाएगा।
बीए अंग्रेजी में एक पेपर फिल्म स्ट्डीज का भी रखा है। इसमें खुशवंत सिंह के भारत विभाजन पर लिखे उपन्यास ट्रेन टू पाकिस्तान, आरके नारायण के उपन्यास गाइड पर बनी फिल्म व रस्किन बांड के उपन्यास ए प्लाइट ऑफ पीजन, श्याम बेनेगल की फिल्म जुनून पाठ्यक्रम का हिस्सा होंगे।
छठे सेमेस्टर में एन इंट्रोडक्शन ऑफ मीडिया एंड जर्नलिज्म पेपर में छात्रों को सोशल व साइबर मीडिया, पब्लिक स्पीकिंग, न्यूज प्रजेंटेशन, रिपोर्टिंग फॉर टीवी के माध्यम से पत्रकारिता की बारीकियां सिखाई जाएंगी। ट्रांसलेशन रिपोर्टिंग, राइटिंग, सीवी राइटिंग व अर्धशासकीय पत्रों को लिखना सिखाया जाएगा।
कलाम की रचना भी शामिल
सीसीएसयू के अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर विकास शर्मा ने बताया कि छात्रों में अंग्रेजी साहित्य के अतिरिक्त अन्य साहित्य के प्रति आकर्षण एवं एप्टीट्यूड विकसित करने के लिए टैगोर की गीतांजलि, हिंदी कवि जयशंकर प्रसाद का काव्य आंसू, अमृता प्रीतम की आत्मकथा रसीदी टिकट, हिंदी नाटककार मोहन राकेश के नाटक आधे अधूरे, भीष्म साहनी के लघु उपन्यास अमृतसर आ गया, मराठी नाटककार विजय तेंदुलकर का नाटक कन्यादान, गुजराती नाटककार महेश दतानी के नाटक द मार्निंग राग के अतिरिक्त सुधा मूर्ति की रचना डॉलर बाबू भी पाठ्यक्रम का हिस्सा बन गए हैं।
इसके अलावा गांधी की हिंद स्वराज, एपीजे अब्दुल कलाम की रचना अवर इगनाइटिंग माइंड्स, विवेकानंद का शिकागो का भाषण भी बीए अंग्रेजी के छात्रों को पढ़ने को मिलेंगे। ग्रीक दार्शनिक प्लेटो की रिपब्लिक एवं होमर की रचना इलियड के कुछ अंश भी पढ़ाए जाएंगे।
पॉपुलर फिक्शन में हेराल्ड पिन्टर का नाटक साइलेन्स भी पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। टोनी मारिसन के उपन्यास द ब्लूयेस्टआई को भी जगह मिली है। बोर्ड ऑफ स्ट्डीज की बैठक में कला संकायाध्यक्ष प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, प्रो. प्रतिभा त्यागी, प्रो. विकास शर्मा, प्रो. रविंद्र कुमार आदि शामिल रहे।