अयोध्या पर सुनवाई पूरी, पश्चिमी यूपी में हाई अलर्ट, अफसरों के छुट्टी लेने पर लगाई रोक
अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई पूरी होने के बाद मेरठ सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा के दृष्टिगत अधिकारियों के छुट्टी लेने पर रोक लगा दी गई है। जिस तरह का माहौल बना है, उसके बाद त्यौहारों को सफलतापूर्वक संपन्न कराना पुलिस और प्रशासन के लिए पहली चुनौती माना जा रहा है। सरकारी मशीनरी निचले स्तर पर शासकीय व्यवस्था को अमल में लाने की रणनीति तैयार करने में जुट गई है। जल्द ही जनपद के संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम देखने को मिल सकते हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले कई मायनों में अति संवेदनशील माने जाते रहे हैं। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की दृष्टि से देखें तो यह पूरी बेल्ट बेहद संवेदनशील प्रतीत होती है। बाबरी मस्जिद विध्वंस की वर्षगांठ रही हो या फिर आतंकी साया, दोनों ही स्थिति में मेरठ सहित सभी जिले हमेशा हाई अलर्ट पर रहे हैं। अब जब अयोध्या मामले पर सुनवाई पूरी हुई है तो सभी की निगाह कोर्ट के फैसले पर टिकी है। बुधवार को प्रदेश सरकार ने अफसरों की छुट्टियों को निरस्त किए जाने का फरमान सुनाया, जिसका निचले स्तर पर भी त्वरित असर दिखाई दिया। आला अफसर शासन की गाइड लाइन के अनुरूप सुरक्षा-व्यवस्था पर चिंतन-मनन में जुट गए। अयोध्या पर निर्णय आने से पहले दीपावली जैसे त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती रहेगा।
व्यस्त क्षेत्रों की बढ़ेगी सुरक्षा
हाई अलर्ट जारी होने के बाद पुलिस और प्रशासन व्यस्त और अति व्यस्त क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने में जुट गया है। बुधवार देर शाम ही आला अफसर इसको लेकर चर्चा करते देखे गए। जनपद में व्यस्त रहने वाले बाजारों के साथ-साथ शॉपिंग मॉल, बस व रेलवे स्टेशन, महत्वपूर्ण सरकारी विभागों की सुरक्षा में बड़ा बदलाव भी जल्द देखने को मिल सकता है।
राजनीतिक दलों की होगी निगरानी
राजनीतिक दलों के लिए राम मंदिर और बाबरी मस्जिद का मुद्दा हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है। इस मुद्दे पर हमेशा से हर दल की अलग ही सोच रही है। जिस तरह से अयोध्या पर सुनवाई पूरी हुई, इसके साथ ही तमाम तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं। इससे राजनीतिक दलों से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी बढ़ सकती है। हालांकि अफसर अभी इन मुद्दों पर कुछ भी साफ कहने को तैयार नहीं हैं।
अयोध्या मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद जनपद की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जल्द ही संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के और पुख्ता इंतजाम होंगे। - अजय साहनी, एसएसपी
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/