Meerut: पत्नी का प्रेमी, नशीली दवाइयां और जहरीला सांप, अतुल हत्याकांड में नया खुलासा; झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार
हस्तिनापुर के बहुचर्चित अतुल हत्याकांड में पुलिस ने नशीली दवाइयां उपलब्ध कराने वाले झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि कॉमन करैत सांप उपलब्ध कराने वाला तस्कर अब भी फरार है।
विस्तार
बहुचर्चित अतुल हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। हत्या की साजिश में इस्तेमाल की गई नशीली दवाइयां उपलब्ध कराने के आरोप में पुलिस ने झोलाछाप डॉक्टर रोहित को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक पांच आरोपी पुलिस की पकड़ में आ चुके हैं। वहीं हत्या में इस्तेमाल किए गए कॉमन करैत सांप की व्यवस्था कराने वाला सांप तस्कर अब भी फरार है।
पहले नशीली दवाइयों की ओवरडोज दी, फिर सांप से डसवाया
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को कस्बे के स्कूल संचालक अतुल की हत्या उसकी पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी और स्कूल वैन चालक तुषार के साथ मिलकर की थी। जांच में सामने आया कि वारदात से पहले अतुल को नशीली दवाइयों की अधिक मात्रा दी गई थी, ताकि वह विरोध न कर सके।
इसके बाद हत्या को सांप के काटने से हुई सामान्य मौत का रूप देने के लिए उसके ऊपर जहरीला कॉमन करैत सांप छोड़ा गया। सांप ने अतुल के हाथ और पैर में डस लिया। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार
हत्याकांड का खुलासा होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अतुल की पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार तथा सांप उपलब्ध कराने वाले उदय और सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि हत्या में इस्तेमाल की गई नशीली दवाइयां झोलाछाप डॉक्टर रोहित ने उपलब्ध कराई थीं। शनिवार को पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
सांप तस्कर की तलाश में दबिश
पुलिस अब उस मुख्य सांप तस्कर की तलाश कर रही है, जिसने हत्या की साजिश के लिए कॉमन करैत सांप उपलब्ध कराया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार झोलाछाप डॉक्टर से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नशीली दवाइयां कहां से लाई गईं और हत्या की साजिश में उसकी भूमिका कितनी थी। साथ ही उसकी पिछली गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। साजिश में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।