दरिंदों को सजा दिलाने की मांग, आईजी के आश्वासन पर खत्म हुआ हजारों छात्र-छात्राओं का धरना
सीसीएसयू कैंपस की छात्रा के साथ हुई हैवानियत के विरोध हजारों छात्र- छात्राएं आईजी ऑफिस का घेराव कर प्रदर्शन कर रहे हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सीसीएसयू कैंपस की छात्रा के साथ हुई हैवानियत के विरोध में शनिवार सुबह से आईजी ऑफिस के बाहर चल रहा हजारों छात्र-छात्राओं का धरना समाप्त हो गया है।एसएसपी अजय साहनी ने आश्वासन दिया है कि पीड़िता का निजी अस्पताल में इलाज कराया जाएगा। उन्होंने कहा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाएगी।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें -
- छात्रा का उपचार मेडिकल की बजाय न्यूट्रिमा अस्पताल में कराया जाए
- सभी आरोपियों की गिरफ्तारी 24 घंटे के भीतर हो
- पीड़िता को पूरी सुरक्षा दी जाए
- अपराधियों को सार्वजनिक किया जाए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल किया जाए
- सभी आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित हो
सड़क पर उतरे थे हजारों छात्र-छात्राएं
हजारों छात्र-छात्राएं शनिवार सुबह को ही सड़क पर उतर आए थे। इसके बाद उन्होंने आईजी ऑफिस का घेराव करते हुए जमकर हंगामा किया। छात्राओं की मांग है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
वहीं एक छात्र नेता के नेतृत्व में पांच छात्र आईजी से मिले। उन्होंने आईजी से कार्रवाई की मांग करते हुए दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है। हालांकि इसके बाद आईजी प्रवीण कुमार अपने ऑफिस से बाहर आए और उन्होंने छात्र- छात्राओं से बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कार्रवाई का पूरा आश्वासन देकर धरना- प्रदर्शन खत्म करने की अपील की है लेकिन छात्राएं अभी तक धरने डटीं हुई हैं। इसके अलावा एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भी सीसीएसयू कैंपस का गेट बंद कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची।
उधर, शहर के कई मुख्य स्थानों पर पुलिस फोर्स लगा दी गई है। खास बात यह है कि इतनी ज्यादा संख्या में छात्र- छात्राओं को देख पुलिस भी अलर्ट हो गई है। वहीं एसएसपी अजय साहनी भी मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने भी छात्राओं से अपील की है कि धरना समाप्त करके घर चले जाएइये। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करेगी। लेकिन छात्राओं ने हापुड़ पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: दुष्कर्म पीड़िता की मौत का मामला, पूर्व ब्लाक प्रमुख गिरफ्तार, दो प्रधान समेत तीन हिरासत में
ये था पूरा मामला
सीसीएसयू कैंपस में क्लास करके लौट रही छात्रा का गढ़ रोड से दरिंदों ने अपहरण कर लिया था। इसके बाद बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर निवासी एक व्यापारी की 20 वर्षीय बेटी सीसीएसयू मेरठ में पीजी की पढ़ाई कर रही है। बृहस्पतिवार को क्लास करने के बाद प्राइवेट बस से घर जा रही थी। मुंडाली के मऊखास के पास परिजनों से मोबाइल पर उसकी बात हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। देर शाम तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने गढ़मुक्तेश्वर थाने में सूचना दी। छात्रा के मोबाइल की लोकेशन स्याना क्षेत्र के गांव चांदपुर पूठी में मिली। पुलिस ने उसे वहीं से बेहोशी की हालत में बरामद किया। उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज की आईसीयू में भर्ती कराया गया है। छात्रा के शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं। वह सही से बोल नहीं पा रही थी। छात्रा के पिता ने चार युवकों के खिलाफ गढ़ मुक्तेश्वर थाने में केस दर्ज कराया है।
पुलिस ने बताया कि प्रियांश पुत्र नरेंद्र शर्मा निवासी चांदपुर पूठी थाना स्याना बुलंदशहर, आकाश पुत्र गौरीशंकर निवासी हापुड़, सुमित पुत्र सतीश निवासी हापुड़ और सोनी निवासी हापुड़ के खिलाफ अपहरण, मारपीट और सामूहिक दुष्कर्म की धारा में केस दर्ज कर लिया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/