गाजियाबाद हादसा: धनपुर गांव में सांत्वना देने पहुंच रहे नेता, डीएम से मुलाकात करेगा परिवार, खौफनाक था हादसा
गाजियाबाद में हुए हादसे के बाद धनपुर में मृतकों के घर सांत्वना देने वालों का तांता लगा है। गुरुवार को कई नेता धनपुर गांव पहुंचे। दो दिन पूर्व गाजियाबाद में हाईवे पर स्कूल बस ने गाड़ी में टक्कर मार दी थी। एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
विस्तार
मेरठ के मवाना रोड धनपुर गांव में धर्मेंद्र यादव के परिवार को सांत्वना देने के लिए अनेक पार्टियों के नेता पहुंच रहे हैं। बृहस्पतिवार को भाकियू नेता नरेश टिकैत भी पहुंचे। उन्होंने मौके पर डीएम से बात की और परिवार को मुआवजा देने के अलावा हर संभव प्रशासनिक मदद की मांग की।
भाकियू नेता नरेश टिकैत कार्यकर्ताओं के साथ धनपुर पहुंचे। घायल धर्मेंद्र ने हादसा और गाजियाबाद में अधिकारियों द्वारा की गई लापरवाही के बारे में भी बताया। राकेश टिकैत ने मेरठ जिलाधिकारी से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि परिवार की जो मांगे हैं उन्हें जल्द पूरा किया जाए। उन्हें मुआवजे के अलावा अन्य प्रशासनिक सुविधांए दी जाएं। उन्होंने कहा कि एनएचएआई अधिकारी जो इस मामले में दोषी हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
बसपा नेता भी पहुंचे
धनपुर गांव में बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी मुनकाद अली, जिलाध्यक्ष महावीर जाटव भी परिजनों से मिले और उनका दर्द बांटा। इसके अलावा
परिक्षितगढ़ ब्लॉक प्रमुख ब्रह्म सिंह, जिला पंचायत सदस्य वार्ड-31 दिनेश कुमार आदि भी पहुंचे।
जिलाधिकारी से मिलेगा परिवार
धनपुर गांव निवासी जयपाल यादव का परिवार शुक्रवार सुबह 10 बजे जिलाधिकारी मेरठ से मुलाकात करेंगे और अपनी अनेक मांगों को उनके सामने रखेंगे। उनकी मांगों में सबसे मुख्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकारण के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने व बस चालक को कड़ी सजा देने की मांग रहेगी। क्योंकि परिवार के लोग राज्यमंत्री से साफ कह चुके हैं कि उन्हें मुआवजा नहीं, न्याय चाहिए।
ये हुआ था हादसा
मवाना रोड इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव निवासी नरेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव, उनकी पत्नी अनीता, बबीता, बच्चे दीपांशु, हिमांशु, बेटी वंशिका और कार्तिक कार द्वारा खाटूश्यामजी के दर्शन करने के लिए बीते मंगलवार सुबह 4 बजे चले थे। गजियाबाद में रांग साइड से तेज रफ्तार में आ रही स्कूल बस ने गाड़ी में टक्कर मार दी थी। जिसमें धर्मेंद्र और कार्तिक को छोड़कर सभी छह लोगों की मौत हो गई थी।