बड़ी कार्रवाई की तैयारी: दो लाख के इनामी अकबर बंजारा पर लगेगा गैंगस्टर, 300 करोड़ की संपति होगी जब्त, भाजपा नेता का कनेक्शन आया सामने
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया है कि अकबर बंजारा शातिर अपराधी है। वह गैंग बनाकर गोकशी करा रहा था और फिर गोमांस दूसरे राज्यों में सप्लाई करता था। मेरठ, बिजनौर सहित कई जिलों और राज्यों में 300 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। मेरठ में अकबर बंजारा को किसका संरक्षण मिला हुआ था, इसकी भी जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
मेरठ में दो लाख के इनामी गोतस्कर अकबर बंजारा और उसके दो भाई सलमान और शमीम पर गैंगस्टर एक्ट लगेगा। पुलिस जांच में सामने आया है कि अकबर बंजारा ने गोमांस सप्लाई कर मेरठ, बिजनौर सहित अन्य जिलों और राज्यों में करीब 300 करोड़ रुपये की संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की है।
गैंगस्टर के तहत पुलिस उसकी संपत्ति जब्त करेगी। पुलिस ने आयकर विभाग को भी चिट्ठी लिखी है ताकि उसकी संपत्ति की जांच कराई जा सके। पुलिस ने बताया कि अकबर बंजारा असम से बंगलादेश में गोमांस सप्लाई करता था।
फलावदा स्थित बंजारन मोहल्ले में अकबर बंजारा परिवार के साथ करीब 15 साल से रह रहा था। अकबर अंतरराज्जीय गोतस्कर है और असम पुलिस ने कई बार उसकी तलाश में दबिश दी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आ रहा था।
तीन दिन पहले फलावदा पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में अकबर और उसके दो भाई सलमान और शमीम को गिरफ्तार किया था। उन्हें बुधवार कोर्ट ने जेल भेज दिया था। वहीं, यह जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को असम पुलिस मेरठ आई और एसएसपी प्रभाकर चौधरी को दो लाख दिए।
यह भी पढ़ें: मेरठ: महिला ने एक साथ जन्मे तीन बच्चे, मां व शिशु चारों स्वस्थ्य, एक बार में पूरा हो गया परिवार
मेरठ में अकबर बंजारा को किसका संरक्षण मिला हुआ था, इसकी भी जांच शुरू कर दी है। अकबर बंजारा के गैंग में उसके भाइयों के अलावा कौन-कौन थे, इसकी जांच के लिए थाना पुलिस और एसओजी की टीम लग गई है।
भाजपा नेता का मिला हुआ था संरक्षण
योगी सरकार में अकबर खुलेआम गोमांस की सप्लाई कर रहा था और स्थानीय पुलिस उसको गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी। स्थानीय पुलिस के पास उसके खिलाफ कोई पुख्ता सुबूत भी नहीं थे, जबकि वह गोमांस के सप्लाई करने का धंधा लगातार कर रहा था।
बताया जा रहा है कि अकबर और उसके भाईयों को भाजपा के एक नेता का संरक्षण मिला हुआ था। इसके चलते थाना पुलिस भी उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पाती थी। आसाम पुलिस के मेरठ में आने की जानकारी लगने के बाद भाजपा नेता ही उसको अपने पास रखता था। अकबर की गिरफ्तारी के बाद फलावदा में अलग-अलग चर्चा चल रही है।
यह भी पढ़ें: यूपी: एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुनीर को कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा
फलावदा में चलती थी गुंडागर्दी
फलावदा में अकबर गुंड़ागर्दी चलती थी, इसकी जानकारी होने के बावजूूद पुलिस उसे गिरफ्तार करने से बचती थी। दो साल पहले बिजनौर के पास बंजारा ने 23 करोड़ की जमीन खरीदी थी। पुलिस ने बंजारा की संपत्ति की जानकारी जुटाई है। जिसके बाद उसकी संपत्ति को गैंगस्टर के तहत जब्त करने की तैयारी भी पुलिस ने शुरू कर दी।
अकबर बंजारा की दो कार सीज
फलावदा। गोतस्कर अकबर की दो कारें सीज की गई हैं। पुलिस का कहना है कि उसके आपराधिक इतिहास का पता लगाने के बाद थाने में हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी। फिलहाल पुलिस उनके फरार साथी संबलहेड़ा निवासी इकबाल की तलाश में दबिश दी जा रही है।
फलावदा पुलिस ने पांच दिन पूर्व एक संदिग्ध 12 टायरा ट्रक के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया था। ट्रक में सवार फलावदा निवासी बाबू और पंजाब निवासी रंजीत ने बताया कि अकबर, सलमान और शमीम फरार हो गये थे। बाद में पुलिस ने तीनों भाइयों को गिरफ्तार किया था। अकबर पर दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अकबर बंजारा को असम पुलिस 18 अप्रैल को कोर्ट में पेश करेगी।