यूपी: हादसों का कहर, चार कांवड़ियों की मौत से परिवारों पर टूटा गमों का पहाड़, 11 हुए घायल
चार परिवारों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। अलग-अलग हादसों में चार कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 11 कांवड़िए घायल हो गए हैं।
विस्तार
मेरठ से रुड़की तक हुए सड़क हादसों में चार कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 11 घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतक के परिजनों को फोन पर घटनाओं की जानकारी दी। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर एक डाक कांवड़ दिल्ली की ओर जा रही थी। कैंटर की सीएनजी खत्म होने के बाद कांवड़िये कैंटर में धक्का लगाकर सीएनजी पंप पर लेकर जा रहे थे। जिटौली फ्लाईओवर पर जब कैंटर ढलान पर पहुंचा तो चालक उसे रोक नहीं सका। कैंटर ने आगे चल रहे शिवभक्त को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की शनाख्त डीडीए फ्लैट कमला मार्केट पुरानी दिल्ली निवासी सुरेश पुत्र टिंकल के रूप में की। दूसरे हादसे में सरधना फ्लाईओवर के ऊपर कांवड़ियों की दो बाइक आपस में टकरा गईं। दोनों बाइक सवार पांच कांवड़िये घायल हो गए। नरेला निवासी कांवड़िया संजू (39) पुत्र ओमप्रकाश की मौत हो गई।
समय से उपचार न मिलने पर गाजियाबाद के कांवड़िये की मौत
कांवड़ मार्ग गंगनहर पटरी के पूठखास पुल पर सड़क हादसे में गाजियाबाद निवासी बाइक सवार कांवड़िये की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मंगलवार रात लगभग तीन बजे रूपक पुत्र अनिल उजेड़ा जिला गाजियाबाद व सचिन निवासी खेड़ा जिला बागपत बाइक से गंगा जल लेकर हरिद्वार से पुरा महादेव की ओर जा रहे थे। कांवड़ मार्ग गंग नहर पटरी के पूठ गंगनहर पुल पर दूसरी बाइक से टक्कर हो गई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रोहटा निवासी भाजपा नेता लोकेंद्र चौधरी और भदौड़ा निवासी सचिन घायलों को सीएचसी लेकर गए। वहां चिकित्सक नहीं मिले। न ही एंबुलेंस चालक मिला। समय पर उपचार नहीं मिलने से रूपक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को किसी तरह मेरठ भर्ती कराया गया। इस मामले को लेकर लोकेंद्र चौधरी व ग्रामीणों ने हंगामा किया और चिकित्सकों के रात में नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए हादसे की वीडियोग्राफी करके सीएमओ अखिलेश मोहन व सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत कर दी।
दौलतपुर के कांवड़िये की रुड़की में हादसे में मौत
हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे दौलतपुर निवासी युवक की रुड़की में सड़क हादसे के दौरान मौत हो गई। मंगलवार दोपहर युवक का शव घर पहुंचा, जिसका परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। दौलतपुर निवासी (24) मोनू पुत्र धर्मवीर बैरागी गांव के ही दीपक के साथ जल लेने बाइक से हरिद्वार गया था। मंगलवार सुबह वह जल लेकर लौट रहा था। रुड़की के निकट बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल मोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक सही सलामत बच गया। रुड़की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं कंकरखेड़ा के डिफेंस एनक्लेव निवासी दिनेश त्यागी बाइक पर सवार होकर हरिद्वार गंगाजल लेने गया था। मंगलवार दोपहर वह वलीदपुर गांव के सामने पहुंचा। गांव के सामने पहुंचते ही उसकी बाइक फिसल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी दौराला में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें: भारत की दिलचस्प कहानी: 75 साल पुराना तिरंगा देख आंखों में आ गए आंसू, हस्तिनापुर के परिवार को आप भी करेंगे सलाम
एक्सप्रेसवे पर फिर हादसा, 10 घायल
दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को अलग-अलग हादसों में दस कांवड़िये घायल हो गए। पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को टोल की टीम ने अस्पतालों में भर्ती कराया।
पहला हादसा सोलाना के पास हुआ। तेज रफ्तार बाइक के पिछले पहिये में पंक्चर हो गया। बाइक डिवाइडर से टकराकर एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई। हादसे मे कल्लू उर्फ कालीचरण व मोंटू निवासी ग्रेटर नोएडा गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दूसरा हादसा दिल्ली मेरठ रेलवे लाइन के ऊपर हुआ। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार कांवड़िये बंटी व संजय निवासी दिल्ली घायल हो गए। तीसरा हादसा परतापुर अंडरपास के कट पर हुआ। डाक कांवड़ लेकर दौड़ रहे कांवड़िये का बाइक में हाथ लगने पर अपाचे बाइक सवार डिवाइडर से टकरा गए। बाइक सवार गोल्डी चौधरी व बिट्टू निवासी दिल्ली घायल हो गए। इसके बाद काशी टोल प्लाजा से कुछ ही दूरी पर आल्टो कार का टायर फटने से पलट गई। कार सवार हनी गर्ग व प्रिंयाशु त्यागी घायल हो गए। मुरादाबाद गांव के सामने भीषण गर्मी के चलते चक्कर आने पर बाइक सवार की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जोनी बसूटा व हरेंद्र बसूटा निवासी नोएडा घायल हो गए।
संदिग्ध परिस्थिति में कांवड़िया की मौत
हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे किठौर निवासी कांवड़िया अनिल की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
कस्बा स्थित बड़ा शिव मंदिर के पास मोहल्ला बड़बालियान निवासी अनिल (55) पुत्र गोवर्धन बाजार में दवाई सप्लाई का कार्य करते थे। अनिल अपने कुछ साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर मंगलवार को शिवालय की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वह सिसौली गांव के पास पहुंचा तो अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। साथियों ने पुलिस की मदद से उसे माछरा सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। जहां रास्ते में ही अनिल ने दम तोड़ दिया। कस्बावासियों का कहना है की अनिल भोले बाबा का परम भक्त थे। प्रतिदिन मंदिर में शिवलिंग में जलाभिषेक करते थे। वह 11वीं कांवड लेकर अपने शिवालय की ओर बढ़ रहे थे।