फर्जी एमबीबीएस डॉक्टर के नर्सिंग होम पर शिकंजा, स्वास्थ्य मंत्रालय पहुंचा मामला, आरोपी गया जेल
फर्जी एमबीबीएस डॉक्टर के नर्सिंग होम पर बैंक ने शिकंजा कसा है। बैंक ने फर्जी चिकित्सक के नर्सिंग की संपत्ति को बंधक बना लिया है। जबकि फर्जी डॉक्टर पहले ही जेल जा चुका है।
बता दें कि बैंक की ओर से कोई लेन-देन संपत्ति संबंधित नहीं करने का नोटिस चस्पा किया गया है। यह नोटिस शिवालिक मर्केंटाइल कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड ने चस्पाया है। वहीं, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी मामले का संज्ञान लिया है।
करीब तीन दिन पूर्व शिवम नर्सिंग होम के स्वामी डॉ. राजेश शर्मा उर्फ ओमपाल शर्मा (सर्जन) को किसी अन्य चिकित्सक की डिग्री पर डॉक्टरी करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। नर्सिंग होम का संचालन चिकित्सक अपनी पत्नी के साथ मिलकर कर रहा था, साथ ही वह सीएचसी में भी संविदा पर सर्जन के पद पर नौकरी कर रहा था। बैंक ने राजेश शर्मा उर्फ ओमपाल शर्मा के जेल जाने के बाद उसकी संपत्ति (नर्सिंग होम) को बंधक बना लिया है।
यह भी पढ़ें: वायुसेना से रिटायर्ड होकर बना फर्जी एमबीबीएस डॉक्टर, फिर कर डाले हजारों ऑपरेशन, ऐसे खुली पोल
बताया जाता है कि नर्सिंग होम बनाने के समय चिकित्सक ने शिवालिक बैंक की नागल शाखा से लाखों रुपये का लोन लिया था। लोन कितना लिया गया इस बाबत देवबंद शाखा के अधिकारियों ने बताया कि लोन हमारी शाखा से नहीं बल्कि नागल शाखा से लिया गया। दूसरे किसी ग्राहक ने कितना लोन लिया इसके बारे में हम कुछ बताने के लिए अधिकृत नहीं हैं। उधर, मामले में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय तक बात पहुंची है। अस्पताल का लाइसेंस भी निरस्त किया जा चुका है।
फर्जी चिकित्सक के नर्सिंग होम से गायब हुई पत्नी की नेम प्लेट
फर्जी एमबीबीएस चिकित्सक राजेश शर्मा उर्फ ओमपाल शर्मा के शिवम नर्सिंग होम पर लगी उनकी पत्नी डॉ. सत्या शर्मा की नेम प्लेट गायब हो गई, क्योंकि चिकित्सक की पत्नी डॉ. सत्या शर्मा ने भी अपनी नेम प्लेट पर एमबीबीएस डिग्री लिखा हुआ था। गुरुवार को सिर्फ राजेश शर्मा के नाम की ही नेम प्लेट नर्सिंग होम के बाहर दिखाई पड़ी। अब स्वास्थ्य विभाग उनकी पत्नी की डिग्री की भी जांच करा रहा है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/