युवक की मौत पर नर्सिंग होम में बवाल, जमकर तोड़फोड़, पूर्व सांसद-चौकी इंचार्ज से हाथापाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने नर्सिंग होम में जमकर बवाल काटा। इस दौरान हॉस्पिटल में तोड़फोड़ भी की गई। यही नहीं बल्कि पूर्व सांसद कादिर राणा और चौकी इंचार्ज के साथ हाथापाई तक की गई। जानिए पूरा मामला।
घटना उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर शहर की है। जहां सुजड़ू चुंगी स्थित नर्सिंग होम में भर्ती युवक की दिल्ली रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में हुई मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने नर्सिंग होम में जमकर बवाल काटा। भीड़ ने नर्सिंग होम में जमकर तोड़फोड़ की। पूर्व सांसद कादिर राणा और वहलना चौकी इंचार्ज से भी हाथापाई की गई। पूर्व सांसद कादिर राणा के समर्थकों के पहुंचने से मौके पर टकराव के हालात बन गए। ऐन वक्त पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया। शहर कोतवाली पुलिस ने नर्सिंग होम संचालक की तहरीर पर संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सांझक निवासी अरशद पुत्र लताफत को एक अगस्त को पेट दर्द की शिकायत पर सुजड़ू चुंगी स्थित डॉक्टर रिजवान के दीवान हॉस्पिटल एवं यूरोलॉजी सेंटर में भर्ती कराया गया था। अरशद को पित्त की थैली में पथरी थी, जिसका उसी दिन डॉक्टर द्वारा दूरबीन विधि से ऑपरेशन किया गया। लताफत पक्ष के अनुसार ऑपरेशन के बाद युवक की ब्लीडिंग नहीं रुकी तो तीन अगस्त को उसकी ओपन सर्जरी की गई, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
इसके बाद आठ अगस्त को उसे खून भी चढ़ाया गया, लेकिन युवक की हालत में सुधार नहीं हुआ। लगातार बिगड़ती हालत देख हॉस्पिटल से सोमवार तड़के युवक की हालत नाजुक बताते हुए उसे सीधे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे दिल्ली ले गए, लेकिन रास्ते में ही अरशद ने दम तोड़ दिया, जिसे जीबी पंत हॉस्पिटल में मृत घोषित कर दिया गया। इस पर पीड़ित परिजन युवक की लाश को लेकर एंबुलेंस से दीवान हॉस्पिटल पहुंचे। इस बीच काफी संख्या में युवक की मौत की सूचना पर काफी लोग एकत्र हो गए थे। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने हॉस्पिटल में घुसकर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। उसी समय पूर्व सांसद कादिर राणा भी हॉस्पिटल में मौजूद थे। हंगामा होते देख कादिर राणा ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया। भीड़ ने कादिर राणा के साथ हाथापाई कर दी। पूर्व सांसद के साथ मौजूद लोग उन्हें भीड़ से बचाकर हॉस्पिटल से बाहर लाए, तो वहां भी उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए।
वहीं सूचना पर वहलना चौकी इंचार्ज एसआई राधेश्याम मौके पर पहुंचे तो उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। इसी बीच पूर्व सांसद से मारपीट की सूचना मिलते ही सुजड़ू से उनके समर्थक बड़ी संख्या में हॉस्पिटल पहुंच गए, जहां टकराव के हालात उत्पन्न हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी हरीश भदौरिया व शहर कोतवाली इंस्पेक्टर अनिल कपरवान फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया। मौके से रालोद किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष इरशाद समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शहर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि डॉ. रिजवान की तहरीर पर मृत अरशद के पिता लताफत को नामजद करने के साथ ही करीब डेढ़ सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
मेरा इस हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है, जिसके लिए मैं आज यहां डॉक्टर से मिलने आया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया। भीड़ को शांत कराने की कोशिश की। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने मेरे साथ भी बदसलूकी करते हुए हाथापाई की। - पूर्व सांसद कादिर राणा
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/