पुलिस की पिटाई से कमांडो की पत्नी की हालत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती, पीड़ित ने सुनाई आपबीती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में मेडिकल थाना पुलिस द्वारा कमांडो सतेंद्र सिंह व उनके परिवार को पीटने के मामले में आरोपी दरोगा जितेंद्र कुमार छुट्टी पर भेज दिए गए हैं। वहीं, निलंबित चल रहे मेडिकल के दरोगा सुनील कुमार को जिले से बाहर ट्रांसफर करने की तैयारी है। वहीं पुलिस की पिटाई से घायल हुई कमांडो की पत्नी मंजू सांगवान की हालत बिगड़ गई है। उन्हें मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किठौली जानी निवासी सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल सतेंद्र सिंह के घर 21 अगस्त की रात मेडिकल थाने के दरोगा जितेंद्र कुमार व दरोगा सुनील कुमार ने एक दर्जन पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर तोड़फोड़ की थी। कमांडो की पत्नी और बेटे से बुरी तरह मारपीट की गई थी। कमांडो को पीटकर हवालात में बंद कर दिया गया था। मोबाइल लूट समेत तीन मुकदमे दर्ज कर कमांडो को जेल भेज दिया था।
गृह मंत्रालय के संज्ञान लेने के बाद पुलिस अफसर शनिवार को बैकफुट पर आ गए थे। लूट की धारा हटाकर शनिवार रात कमांडो को जेल से रिहा कराया गया था। रविवार को कमांडो की पत्नी की हालत बिगड़ गई। पुलिस ने कमांडो की 70 वर्षीय मां संतोष से भी मारपीट की थी। सतेंद्र जम्मू कश्मीर के बारामूला में कमांडो तैनात हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस की गुंडई, सीआरपीएफ के कमांडो को बेरहमी से पीटा, घर में की तोड़फोड़
मेडिकल पर उठे सवाल
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. संदीप पहल ने कहा कि कमांडो पर तीन मुकदमे दर्ज कर जेल भेजने में सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर तक को बचाने की कोशिश की जा रही हैं। पुलिस ने जो मेडिकल परीक्षण कराया है उसमें शराब की पुष्टि होनी पुलिस ने गढ़ी है। मेडिकल रिपोर्ट पर सवाल हैं। उस पर कमांडो के हस्ताक्षर व अंगूठे का निशान नहीं है। कमांडो की माता ने एसएसपी, सांसद राजेंद्र अग्रवाल से आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। लेकिन एसएसपी ने शिकायती पत्र नहीं लिया। सांसद ने भी मदद नहीं की। संदीप पहल के अनुसार मेडिकल थाने के इंस्पेक्टर प्रशांत मिश्र, एसएसआई पिंकी देशवाल, दरोगा सुनील, दरोगा जितेंद्र के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा कराया जाएगा।
मैं जानता हूं असलहा कहां चलाया जाता है
पुलिस द्वारा दी गई थर्ड डिग्री के निशान दिखाते हुए कमांडो ने आपबीती सुनाई। उन्होंने कहा कि मैंने शराब का सेवन नहीं किया था। जेल प्रशासन ने मेडिकल कराया, जिसमें शरीर पर चोट के निशान आए। 22 साल से नौकरी कर रहा हूं। असलहा कहां चलता है, यह मैं अच्छी तरह से जानता हूं। पुलिस ने मेरी सेफ से लाइसेंसी पिस्टल बरामद किया था।
यह भी पढ़ें: गुंडागर्दी की हदें पार, भाजपा नेता का फोन नहीं सुना तो कर दी दरोगा की पिटाई, तस्वीरें
दरोगाओं से पुराना साथ
जहां सतेंद्र का परिवार रह रहा है, वहीं से तीसरे मकान में किराए पर दरोगा सुनील व जितेंद्र रह रहे हैं। खाना लाने वाला डिलीवरी ब्वॉय विवेक छह माह से दरोगाओं के साथ किराए पर रहा है। इसी विवेक से विवाद के बाद पुलिसकर्मियों ने कमांडो के घर कहर बरपाया था।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/