मुजफ्फरनगर: अंकित की हत्या का खुलासा, सामने आई ये बड़ी वजह
मुजफ्फरनगर के गांव जीवनपुरी में युवक अंकित की एक सप्ताह पूर्व गोली मारकर की गई। हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अनैतिक संबंधों के शक में युवक की हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
रामराज थाना क्षेत्र के गांव जीवनपुरी में अंकित (24 वर्ष) की 16 अक्तूबर की देर रात उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह बाइक से अपने कृषि फार्म से घर लौट रहा था। वह मूल रूप से फुगाना थाना क्षेत्र के गांव कुरावा का रहने वाला था। यहां वह कृषि फार्म में रहता था। हत्या की घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था। रामराज पुलिस ने शनिवार सुबह गांव जीवनपुरी निवासी रणधीर, रणबीर व कुलदीप को गिरफ्तार किया, जिनके पास से हत्या में प्रयुक्त दो तंमचे-कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
घटना का खुलासा करते हुए एसओ रामराज सतेंद्र नागर ने बताया कि अंकित का रणधीर के घर आना-जाना था। रणधीर को यह पसंद नहीं था। रणधीर उस पर अपने घर की महिलाओं के साथ अनैतिक संबंधों का भी शक जताता था। रणधीर ने गांव के ही कुलदीप व रणबीर के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
यह भी पढ़ें: निलंबित दरोगा इंतसार अली ने आखिर कटवाई दाढ़ी, एसपी ने किया बहाल, ये था पूरा मामला
एसओ के अनुसार, 16 अक्तूबर को रणधीर व कुलदीप फॉर्म हाउस से अंकित को उसी की बाइक से अपने साथ लेकर घटनास्थल तक पहुंचे, जहां रणबीर पहले से खड़ा उनका इंतजार कर रहा था। घटनास्थल पर पहुंचने पर आरोपियों ने अंकित की गोली मारकर हत्या कर दी और वहां से फरार हो गए। एसओ ने बताया कि तीनों आरोपियों के पास से दो तमंचे-कारतूस बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
तीनों आरोपियों पर हैं हत्या के मुकदमे
एसओ रामराज सतेंद्र नागर ने बताया कि अंकित की हत्या में गिरफ्तार किए गए रणधीर, कुलदीप व रणबीर पहले से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। तीनों ही आरोपियों पर पहले भी शहर कोतवाली व थाना शाहपुर में हत्या के मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों ने जमीन रंजिश के चलते पूर्व में ये हत्याएं की थीं, जिनमें वे जमानत पर हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/