मुजफ्फरनगर में मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, एक सिपाही भी घायल
मुजफ्फरनगर जिले के कूकड़ा गांव और भोपा क्षेत्र के सीकरी गांव में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में पुलिस ने गोकशी के आरोपी समेत दो बदमाशों को दबोच लिया है। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को पैर में गोली लगी है। तीन बदमाशों की तलाश में कांबिंग की जा रही है।
भोपा थाना क्षेत्र की सीकरी चौकी प्रभारी एसआई जगपाल सिंह ने स्कूटर सवार तीन गोवंश तस्करों की सूचना पर सोमवार शाम सीकरी के जंगल में चेकिंग शुरू की। इसी दौरान वहां पहुंचे स्कूटर सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, जिन्होंने फायरिंग कर दी। इसमें पुलिसकर्मी नौशाद हाथ में गोली लगने से घायल हो गए, जिसके बाद बदमाश मलकपुरा मार्ग की तरफ भाग निकले।
सूचना पर सीओ भोपा राममोहन शर्मा व इंस्पेक्टर एमएस गिल ककरौली व पुरकाजी थाना पुलिस के साथ पहुंचे और बदमाशों की घेराबंदी कर दी। पुलिस फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से स्कूटर समेत नीचे गिर गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
सीओ भोपा ने बताया कि घायल बदमाश गांव सीकरी निवासी फैजान पुत्र इस्माइल है, जबकि उसके फरार साथी आशु व पुन्नन पुत्रगण खालिद निवासी सीकरी हैं। तीनों आरोपी गोकशी करते हैं, जो मांस सप्लाई करने जा रहे थे। उनके स्कूटर से पैकिंग किया गया करीब 50 किलो मांस बरामद किया है।
उधर, नई मंडी थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में कूकड़ा ब्लॉक पर चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की। जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी भाग निकला। सूचना पर सीओ मंडी योगेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि घायल बदमाश गांव न्याजूपुरा निवासी नवाब पुत्र चांद मियां है। जिसके खिलाफ लूट, चोरी, अपहरण व हमले के कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके फरार साथी की पहचान हसीन के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में कांबिंग की जा रही है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/