दरिंदे ने की थीं हदें पार: खौफनाक निकली मर्डर की पूरी कहानी, जिस दोस्त पर था भरोसा, उसी ने मार डाला
मेरठ में छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि आरोपी ने मौत से पहले छात्रा के साथ दरिंदगी की सभी हदें पार की थी।
विस्तार
पुलिस के मुताबिक, जाहिदपुर खरखौदा निवासी सूरज जाटव को पुलिस ने शनिवार शाम गिरफ्तार किया। सूरज ने बताया घटना से पहले छात्रा की परीक्षा शाम चार बजे छूट गई थी। बेगम पुल स्थित नामचीन स्कूल के पास वह छात्रा को लेकर टेंपो से मोहनपुरी स्थित जलसा गेस्ट हाउस में पहुंचा था। यहां कमरा नंबर 102 बुक किया गया था। यहां उसने छात्रा के साथ दरिंदगी की।
पुलिस के मुताबिक, सूरज का कहना है कि वह तीन साल से छात्रा को जानता था और उनका प्रेम प्रसंग चल रहा था। छात्रा उससे शादी करके साथ ले जाने की जिद कर रही थी। सूरज ने छात्रा के साथ जाने से मना किया और एक साथ जहर खाकर जान देने का झूठा नाटक किया। उसने छात्रा को जहर खिला दिया था और लेकिन खुद नहीं खाया।
छात्रा की हालत बिगड़ने पर सूरज ने गेस्ट हाउस संचालक अमरीश से दोनों को तेजगढ़ी चौराहे पर छोड़ने की बात कही। अमरीश छात्रा और सूरज को तेजगढ़ी चौराहे पर स्कूटी से छोड़कर आया। सूरज फिर ई-रिक्शा से छात्रा को उसके घर के पास छोड़कर भाग गया। पुलिस ने अमरीश को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
15 दिन पहले बनाया लिया था मारने का प्लान
आरोपी सूरज ने बताया कि वह छात्रा से छुटकारा पाना चाहता था। इसलिए 15 दिन पहले ही उसे मारने का प्लान बना लिया था। उसने टीपीनगर से जहर खरीदा था। पुलिस ने सूरज की निशानदेही पर सल्फास बेचने वाले दुकानदार को भी हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक आठ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
12 घंटे बाद कैसे बिगड़ी छात्रा की हालत
पुलिस के मुताबिक, सूरज का कहना है कि उसने छात्रा को बुधवार शाम सात बजे सल्फास दिया, जबकि छात्रा की हालत गुरुवार सुबह 7:00 बजे बिगड़ी। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि सल्फास ने 12 घंटे बाद कैसे असर दिखाया। हालांकि इस पर भी पुलिस ने तर्क दिया है कि आरोपी ने बताया है कि सल्फास खाने के बाद छात्रा को उल्टी हुई थी। इसके चलते जहर का असर 12 घंटे बाद हुआ होगा।
यह था मामला
शास्त्री नगर की छात्रा बुधवार को परीक्षा देने के लिए बेगम पुल के पास एक नामचीन स्कूल में गई थी। बुधवार रात 8:30 बजे छात्रा बदहवास हालत में ई-रिक्शा से घर पहुंची। परिजनों ने जानलेवा हमले का प्रयास होने की बात कहकर नौचंदी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। गुरुवार को छात्रा की हालत बिगड़ गई तो उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार के लोगों ने कार्रवाई के लिए काफी हंगामा भी किया था।
जिस पर भरोसा किया, उसी ने मार डाला
जिस दोस्त पर छात्रा को पूरा भरोसा था, उसी ने उसे मार डाला। उसे जरा भी यकीन नहीं था कि सूरज उसके साथ ऐसा भी कर सकता है। दोनों ने एक साथ रहने की कसम खाई थी, लेकिन सूरज ने कसम तोड़ दी और उसकी ही जान का दुश्मन बन गया। छात्रा नाबालिग बताई गई है। उसकी उम्र 17 साल थी। इसके बावाजूद भी गेस्ट हाउस में कमरा मिल गया, कोई आईडी तक नहीं ली। छात्रा की हालत बिगड़ी तो संचालक ने अपने स्कूटी से उनको तेजगढ़ी चौराहे तक भी छोड़ दिया। किराए के पैसे भी नहीं लिए। वह सूरज को पहले से जानता था। करीब तीन घंटे वह गेस्ट हाउस में रुके। पुलिस सूरज को दो दिन से तलाश भी कर रही थी, बावजूद गेस्ट हाउस वाले ने कोई बात पुलिस को बताने की जहमत नहीं उठाई।
पता चला है कि सूरज के कई लड़कियों से संबंध हैं। यह बात परिवार के लोगों को भी पता थी। छात्रा की सहपाठी आरोपी सूरज के परिवार के एक लड़की है, जिसने दोनों की दोस्ती कराई थी। उसने भी छात्रा को सूरज के बारे में नहीं बताया। अब पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि छात्रा की हत्या के मामले में जो आरोपी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इस घटना में छात्रा के परिजनों को धमकी देने वाले आरोपी के चाचा को भी पुलिस ने नहीं पकड़ा है। इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सूरज करता था छात्रा के परिजनें से बात
सूरज शातिर है और वह नाम गलत बताकर बार-बार छात्रा के परिजनों से बात करता रहा। कभी चाचा बनकर तो कभी ई-रिक्शा चालक बनकर छात्रा के पिता को कॉल करके बात करता था। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 सिम मिले है। इसके अलावा वह किसी को भी फोन मांगता था और कॉल कर देता था। छात्रा को जहर खिलाने के बाद भी सूरज ने उसके परिजनों को दस कॉल अलग-अलग नंबर से करना स्वीकार किया।