हाईवे पर युवक की गोलियों से भूनकर हत्या, शादी समारोह के बाद लौट रहे थे दिल्ली, हिरासत में चार दोस्त
यूपी के मेरठ शहर में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां परतापुर थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर बदमाशों ने एक युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि वारदात के समय मृतक युवक के अन्य साथी एक होटल पर सामान लेने के लिए गए हुए थे। घटना की जानकारी लगते पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि मृतक युवक अपने चार दोस्तों के साथ रविवार रात को मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित मोती महल फार्म हाउस में एक शादी समारोह में आया था। इसके बाद वह करीब 12:15 बजे दिल्ली के लिए वापस लौट रहा था। लेकिन जब वह परतापुर तिराहे पर पहुंचा तो उसके साथ कार में सवाल अन्य साथी सामान लेने के लिए एक होटल पर चले गए। इसी बीच कुछ नकाबपोश बदमाश आए और उन्होंने लईक को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार लईक को तीन गोलियां लगीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। लईक अहमद पुत्र अनीस अहमद बटला हाउस दिल्ली का रहना वाले था।
उधर, घटना की जानकारी लगने पर सीओ चक्रपाणि त्रिपाठी और इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर भी मौके पर पहुंचे। सीओ का कहना है कि मृतक युवक के चार दोस्तों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित परतापुर बाईपास तिराहे पर एक होटल पर पांच नकाबपोश बदमाशों ने उनकी स्विफ्ट कार को घेर लिया। इस दौरान बदमाशों ने कार में बैठे लईक महमद पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। कार सवार युवक लईक अहमद को कई गोलियां लगीं। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं मृतक के साथियों ने बताया कि न तो किसी बात को लेकर रास्ते में किसी से कोई झगड़ा हुआ और न ही शादी में। न जाने किस दुश्मनी के तहत बदमाशों ने लईक पर अंधाधुंध फायरिंग की। सुबह घटना का पता लग चलने पर एसएसपी नितिन तिवारी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। कार मोहम्मद शोएब चला रहा था।
बताया जा रहा है कि शादी समारोह में लड़का और लड़की पक्ष में दहेज को लेकर कुछ विवाद हो गया था। एसएसपी का कहना है कि सभी बिंदुओं पर मामले की जांच की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/