मेरठ में चेन स्नेचिंग: अम्मा जी... ये रास्ता कहां जाता है और दो बदमाश 10 सेकेंड में लूट ले गए महिला से चेन
मेरठ के गंगानगर पी ब्लॉक में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से चेन लूट की वारदात सीसीटीवी में कैद हुई। बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए दो बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने चेन छीनी। पुलिस ने केस दर्ज कर फुटेज के आधार पर तलाश शुरू की है।
विस्तार
मेरठ के गंगानगर पी ब्लॉक में सोमवार दोपहर एक बुजुर्ग महिला से चेन लूट की घटना सामने आई है। महिला घर के बाहर खड़ी थीं, तभी दो बाइक सवार बदमाश रास्ता पूछने के बहाने आए और कुछ ही सेकेंड में चेन लूटकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
इंदिरा देवी अपने बेटों हिमांशु और विपुल के साथ रहती हैं। वह यूपी बोर्ड कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी पद से सेवानिवृत्त हैं। सोमवार करीब 12 बजे वह घर के पास गाय को हरी सब्जी डालने निकली थीं। इसी दौरान सी ब्लॉक की ओर से दो युवक बाइक पर आए।
महिला को अकेला देखकर बदमाशों ने बाइक रोकी और एक युवक उनके पास पहुंचा। उसने पूछा- अम्मा, ये रास्ता कहां जाता है? महिला कुछ बताती, इससे पहले आरोपी ने उनके गले में पहनी सोने की चेन पर झपट्टा मार दिया।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 4 नवम्बर को आपके शहर में क्या हुआ
महिला ने चेन बचाने की कोशिश की लेकिन बदमाश चेन तोड़कर फरार हो गए। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आए, लेकिन बाइक सवार काफी दूर निकल चुके थे। महिला के अनुसार चेन करीब दो तोला सोने की थी।
पीड़ित के बेटे ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने गंगानगर इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि बदमाशों ने बिना नंबर प्लेट वाली बाइक का इस्तेमाल किया था।
कॉलोनी निवासियों ने गश्त की कमी पर नाराजगी जताई और कहा कि क्षेत्र में शाम होते ही लोग घरों में सिमट जाते हैं। बुलेट बाइक पर तेज रफ्तार से निकलने वाले युवकों का जमावड़ा आम बात हो गया है।
सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।