CCSU News : फायरिंग में संलिप्त आठ छात्रों का निलंबन तय, बाहरी 11 युवाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध
सीसीएसयू परिसर में फायरिंग करने वाले आठ छात्र आज या सोमवार को निलंबित होंगे। चिह्नित बाहरी 11 युवाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लग गया है। पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
विस्तार
सीसीएसयू परिसर में विगत माह खुलेआम फायरिंग की वारदात हुई। इस मामले में पुलिस ने चिह्नित 19 लोगों की सूची विवि प्रशासन को थमाई। सूची में जिनके नाम हैं, उनमें आठ विवि के विद्यार्थी और 11 बाहरी युवा चिह्नित हुए हैं। एसपी सिटी की तरफ से भेजी गई लिस्ट के आधार पर विवि प्रशासन सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। प्रॉक्टोरियल बोर्ड की संस्तुति के बाद शनिवार अथवा सोमवार को आठ छात्रों का निलंबन तय हो गया है।
फायरिंग में शामिल 11 युवाओं का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। दोबारा से विवि परिसर का माहौल नहीं बिगड़े, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। इसके तहत विवि के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर हाई रेजोल्युशन के कैमरे लगेंगे। विवि परिसर में लगने वाले कैमरों का कंट्रोल रूम प्राॅक्टर ऑफिस और सिक्योरिटी गार्ड रूम बनेगा।
बैटरी व्हीकल में सिक्योरिटी गार्ड की एक टीम लगातार पेट्रोलिंग करेंगे, ताकि शरारती तत्वों पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा तय किया गया है कि अब बिना आईकार्ड के किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। यदि किसी महाविद्यालय अथवा कॉलेज का विद्यार्थी किसी कार्य से विवि आता है, तो उसे आईकार्ड के अलावा प्रधानाचार्य को कार्य के बाबत दिए प्रार्थनापत्र को लेकर आना होगा।
एससीआरआईईटी में भी लगेंगे कैमरे
सर छोटूराम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एससीआरआईईटी) में भी कैमरे लगाए जाएंगे। यहां लगने वाले कैमरों का कंट्रोल रूम वहां के मुखिया और प्रॉक्टर के ऑफिस में बनेगा।
खुफिया टीम रखेगी नजर
अब विवि प्रशासन ने एक खुफिया टीम भी गठित कर दी है, जो हर विभाग में आने वाले लोगों पर नजर रखेगी। इसके अलावा छात्रों की गतिविधियों पर नजर रखकर उच्चाधिकारियों को नियमित रिपोर्ट देगी ताकि समय रहते शरारती तत्वों पर सख्त कदम उठाया जा सके।
चीफ प्रॉक्टर व सिक्योरिटी अफसर ने किया मंथन
चीफ प्रॉक्टर और सिक्योरिटी ने शुक्रवार को अवकाश के बावजूद विवि की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक की। विवि में किस जगह कितने गार्ड तैनात किए जाने हैं, इसका फैसला हुआ। पेट्रोलिंग करने में कितने कर्मियों को लगाया जाएगा और किस तरह से सूचनाओं का आदान-प्रदान होगा, इस पर भी फैसला हुआ।
फायरिंग मामले में चिह्नित आठ छात्रों का निलंबन होगा। बाहरी 11 युवाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। बिना आई कार्ड विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। महाविद्यालयों से आने वाले छात्रों को भी आई कार्ड के साथ समस्या के बाबत प्राचार्य को दिए प्रार्थना पत्र भी लाना होगा। - बीरपाल, चीफ प्रॉक्टर सीसीएसयू