दो माह बाद आज से खुलेगा सीसीएसयू कैंपस, ओएमआर का शुरू होगा मूल्यांकन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन के चलते दो महीने से बंद चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय कैंपस बुधवार से खुलेगा। तीन शिफ्टों में रोस्टर के हिसाब से कर्मचारी ड्यूटी करेंगे। इस दौरान किसी भी विभाग में शिक्षण कार्य नहीं होगा। छात्राओं और बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश नहीं होगा।
50 फीसदी कर्मचारी एक दिन छोड़कर ड्यूटी करेंगे। इसके साथ ही बुधवार से विवि ने ओएमआर के मूल्यांकन की भी तैयारी कर ली है। आठ लाख कॉपियों के मूल्यांकन के लिए मंगलवार को डीएम को पत्र लिखा गया है।
चौधरी चरण सिंह विवि में कोविड-19 के कारण सभी काम पेंडिंग पड़े हैं। ऐसे में विवि प्रशासन ने बुधवार से कैंपस के सभी विभागों के प्रशासनिक कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 50 फीसदी कर्मचारियों को रोस्टर के हिसाब से बुलाया गया है। यह कर्मचारी तीन शिफ्ट में काम करेंगे। इसमें सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे, सुबह 10 बजे से शाम छह बजे और सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
समस्त विभागाध्यक्ष और कार्यालयध्यक्ष 50 फीसदी कर्मचारियों की उपस्थिति चेक करेंगे। रजिस्ट्रार ने बताया कि सभी अध्यक्षों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हर हाल में किया जाएगा। कार्यालय के मुख्य द्वार पर सभी कर्मचारियों को सैनिटाइज किया जाएगा। प्रत्येक कर्मचारी को मास्क के साथ ही मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा।
फाइनल ईयर की ओएमआर की चेकिंग होगी शुरू
सीसीएसयू कैंपस में हर साल कॉपियों के मूल्यांकन केे लिए छह सेंटर बनाए जाते हैं। इन सेंटरों पर 18 लाख के करीब कॉपियों का मूल्यांकन होता है। मंगलवार को कांशीराम शोध पीठ का ताला खुलवाकर यहां पर साफ-सफाई कराई गई। बुधवार से विवि प्रशासन यहां रखी फाइनल ईयर की ओएमआर के मूल्यांकन का काम शुरू करेगा।
डीएम को लिखा पत्र
यूपी बोर्ड में कॉपियों का मूल्यांकन चल रहा है। ऐसे में विवि प्रशासन की तरफ से मंगलवार को डीएम को पत्र लिखकर कैंपस में भी मूल्यांकन कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही विवि ने सर छोटूराम इंजीनियरिंग कॉलेज में जो मूल्यांकन सेंटर बनाया था, वहां पर अस्थाई जेल बनाए जाने की वजह से उसे अब आईक्यूएसी बिल्डिंग में शिफ्ट किया जाएगा। बृहस्पतिवार या शुक्रवार से विवि प्रशासन कॉपियों का मूल्यांकन भी शुरू करा देगा।
परीक्षा कराने को आज होगा मंथन
18 मार्च के बाद से विवि की सारी परीक्षा स्थगित हो चुकी हैं। इन पेपरों की संख्या 89 है। विवि प्रशासन अब सिर्फ फाइनल ईयर की परीक्षा कराने पर विचार कर रहा है। यह दो घंटे की होती है। इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न होते हैं। ऐसे में इन परीक्षाओं को रोजाना चार पालियों में कराया जा सकता है। इसको लेकर बुधवार को कुलपति प्रो. एनके तनेजा अधिकारियों के साथ मंथन करेंगे। यह परीक्षा पहले विवि 10 जून से कराने का विचार कर रहा था लेकिन अब ये 20 जून से पहले संभव नहीं होगा। प्रथम और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं बाद में होंगी।