केपीएस के चेयरमैन की मद्द से फरार हुआ था 'बद्दो', ऐसे खुला 25 साल की दोस्ती का राज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुख्यात बदन सिंह बद्दो के पुलिस कस्टडी से फरार होने के मामले में पुलिस ने करन पब्लिक स्कूल के चेयरमैन भानू प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पड़ताल में सामने आया कि चेयरमैन की बद्दो से 25 साल पुरानी दोस्ती है। बद्दो को हाईवे से दूसरी गाड़ी से ले जाने में सबसे अधिक भूमिका उसी की रही थी। रविवार को पुलिस ने चेयरमैन समेत चार आरोपियों की गिरफ्तारी दिखाई है।
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि कुख्यात बद्दो बीती 28 मार्च को दिल्ली रोड स्थित होटल मुकुट महल से फर्रुखाबाद पुलिस की कस्टडी से फरार हुआ था। उस पर शासन से ढाई लाख का इनाम है। उसकी फरारी के मामले में करन पब्लिक स्कूल के चेयरमैन भानू प्रताप सिंह निवासी बीसी लाइन मेरठ कैंट को शनिवार रात पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। गहन पूछताछ और जांच पड़ताल के बाद रविवार रात को यह गिरफ्तारी दिखाई है। भानू प्रताप का दूसरा पता साउथ एक्सटेंशन पार्ट-2 हौज खास दिल्ली है।
एसपी सिटी ने बताया कि भानू प्रताप के अलावा मिक्का फाइनेंसर निवासी निवासी कैंट मेरठ और मिक्का की फाइनेंस कंपनी पर कर्मचारी अरुण को भी गिरफ्तार दिखाया गया है। मिक्का का सदर हनुमान चौक पर ऑफिस है। भानू प्रताप सिंह, मिक्का फाइनेंसर और अरुण के अलावा राहुल निवासी बिजनौर हाल पता हौज खास दिल्ली के खिलाफ रविवार देर रात थाना ब्रह्मपुरी पर अलग से लिखा पढ़ी की गई। पहले भानू प्रताप सिंह से थाने में तो उसके बाद पुलिस लाइन स्थित क्राइम ब्रांच के ऑफिस में पुलिस के उच्चाधिकारियों ने पूछताछ की। जिसमें शहर के दो व्यापारियों के नाम भी सामने आने बताए गए।
जांच में होते रहे राज फाश
एसपी सिटी के अनुसार बद्दो को योजनाबद्ध तरीके से पुलिस कस्टडी से फरार कराने में फर्रुखाबाद के दरोगा और पुलिसकर्मियों के अलावा बद्दो के पुत्र सिकंदर, पपीत बढ़ला, एहतेशाम, जवाहर लाल, शिशुपाल, होटल मुकुट महल के मालिक मुकेश गुप्ता, व्यापारी नेता लल्लू मक्कड़, ट्रांसपोर्टर डिपिन सूरी और व्यापारी सोनू सहगल समेत 14 आरोपियों पर केस दर्ज किया गया था। इनके बाद जांच में मिक्का फाइनेंसर का नाम आया। उसे पकड़ा गया तो पता चला कि वह होटल से बद्दो को अपनी गाड़ी से लेकर शहर के बाहर एनएच-58 पर छोड़कर आया था। उसके बाद पूछताछ में पता चला कि जहां मिक्का ने बद्दो को छोड़ा था, वहां से दूसरी लग्जरी गाड़ी में करन पब्लिक स्कूल का चेयरमैन भानू प्रताप सिंह उसे वहां से लेकर गया था। इनके अलावा बद्दो की दिल्ली निवासी प्रेमिका का नाम भी आया। शहर के अभी 10-12 लोग रडार पर हैं।
जांच के बाद गिरफ्तारी
बदन सिंह बद्दो की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगी हैं। फरारी में सहयोग करने वाले अन्य लोगों को भी देर रात गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ और जांच के बाद ही पुलिस ने गिरफ्तारी की है। एसपी सिटी पूरे प्रकरण में खुद जांच कर रहे हैं। - नितिन तिवारी, एसएसपी
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/