दुस्साहस: कक्षा छह की छात्रा को घर मे खींचकर सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मेरठ के मवाना में कक्षा छह की छात्रा को घर में खींचकर सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़ित के पिता ने दूसरे समुदाय के तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
विस्तार
मेरठ के मवाना रोड इंचौली थाना क्षेत्र के गांव में बाजार से दवा लेने जा रही छठी क्लास की छात्रा से घर में खींचकर दूसरे समुदाय के तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इंचौली थाना क्षेत्र स्थित गांव में एक परिवार सब्जी बेचने का काम करता है । उनकी सबसे बड़ी 13 साल की बेटी छठी क्लास की छात्रा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उनकी बेटी बाजार से किताब और दवाई लेने जा रही थी। घर से कुछ दूरी पर गौरव और अतुल नाम के युवक उसे जबरन उठाकर मकान में ले गए। वहां एक अन्य युवक और मौजूद था।
आसपास के लोगों को मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने छात्रा के पिता को सूचित किया। मौके पर भीड़ देख आरोपी छत के रास्ते फरार हो गए। परिजनों के अनुसार जब वह मकान में गए तो छात्रा बेहोश पड़ी थी।
छात्रा ने बताया कि वह तीसरे आरोपी युवक को नहीं पहचानती। जब वह उसे उठाकर ले गए तो वह बेहोश हो गई थी। परिजनों के मुताबिक आरोपी युवक दूसरे समुदाय से हैं। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया।
वहीं तहरीर के आधार पर फिलहाल छेड़छाड़, पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। इंचौली पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश की जा रही है।