Meerut: अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे गिरी कार, मची चीख-पुकार, घर के इकलौते बेटे की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
Meerut News : मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी। हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक अपने परिवार का इकलौता चिराग था।
विस्तार
मेरठ जनपद के खरखौदा में मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धीरखेड़ा पुल से पहले एक कार अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे खेत में जा गिरी। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक युवक अपने परिवार का इकलौता चिराग था और डीटीसी में संविदा कर्मी था।
जिला हापुड़ के गांव सरावा निवासी अंकुर (26) पुत्र रामनिवास, उदयवीर पुत्र धर्मवीर व नीरज पुत्र फकीरचंद तीनों बुधवार को कार से किसी काम से खरखौदा कस्बा आए थे।
बताया गया कि वापस लौटते समय तीनों को खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव धीरखेड़ा नया गांव में अपनी रिश्तेदारी में जाना था। लेकिन दोपहर के समय उनकी कार मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव धीरखेड़ा से पहले ही अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे खेत में जा गिरी और पलट गई।
वहीं, चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम करने वाले किसान मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। हादसे में अंकुर की मौके पर ही मौत हो गई और उदयवीर व नीरज दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। बाद में पुलिस ने घायलों से जानकारी कर मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी।
अंकुर था घर का इकलौता चिराग
सूचना मिलने के बाद थाने पहुंचे परिजनों ने बताया कि अंकुर अपने घर का इकलौता चिराग था। दो वर्ष पहले ही उसका विवाह हुआ था। लेकिन, बाद में पति-पत्नी में तलाक हो गया था। अंकुर भाजपा कार्यकर्ता होने के साथ-साथ दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन में कंडक्टर के पद पर संविदा कर्मी था। उधर, वृद्ध माता-पिता की पूरी जिम्मेदारी भी अंकुर की ही थी।
यह भी पढ़ें: दुस्साहसिक: मेरठ के कलीना में व्यक्ति को जिंदा जलाने का प्रयास, जंगल में बंधक बनाया, फिर लगा दी आग, हालत गंभीर
घायलों को अस्पताल व शव को पोस्टमार्टम भेज दिया गया है। अभी मृतक पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - अशोक कुमार इंस्पेक्टर खरखौदा
यह भी पढ़ें: UP: गन्ने के सियासी रस की कौन लेगा मिठास, क्या लोस चुनाव में बड़ा प्रभाव डालेगा ये मुद्दा? पढ़ें खास रिपोर्ट