आतंक! गुलदार ने फिर ली एक व्यक्ति की जान, इलाके में दहशत से कांपे लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिजनौर जनपद के नजीबाबाद में गुलदार ने नांगलसोती क्षेत्र के गांव आलम सराय में खेत पर काम कर रहे एक मजदूर को मौत के घाट उतार दिया। तीन दिन पूर्व मंडावली के प्रेमपुरी में छह वर्षीय बालक को गुलदार ने आधा खा लिया था जबकि गांव की ही ढाई वर्षीय बालिका को भी गुलदार ने गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
नांगलसोती के गांव आलम सराय में बृहस्पतिवार को दोपहर गुलदार ने खेत पर काम कर रहे मजदूर चमन (32) की जान ले ली। आलम सराय का चमन गांव के ही राजवीर सिंह के खेत पर गन्ना काट रहा था। बृहस्पतिवार को दोपहर चमन का परिचित मोनू खाना लेकर पहुंचा तो उसे चमन का रक्त रंजित शव मिला। गुलदार ने उसके गले को खाया हुआ था। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें: बिजनौर: गुलदार ने हमला कर महिला को मार डाला, परिजनों में मचा कोहराम, गांव में दहशत
वहीं नांगलसोती के थानाध्यक्ष वली मोहम्मद ने टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर पोस्टमार्टम के लिए शव कब्जे में ले लिया। ग्राम प्रधान मो. यूनुस, नरेश पाल सिंह, राजवीर सिंह, ओम प्रताप सिंह, देवेंद्र, धर्मसिंह, निरव ने वन विभाग से मजदूर पेशा परिवार को मुआवजा दिलाने और गुलदार के आतंक से क्षेत्र को राहत दिलाने की मांग की।
घटनास्थल पर पहुंचे राजगढ़ वन रेंज के रेंजर विजेंद्र मलिक से ग्रामीणों ने गुलदार के आबादी क्षेत्र में घुसने से रोकने के लिए सुरक्षा के प्रबंध करने और परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की। वन रेंजर विजेंद्र मलिक ने परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
क्षेत्र में बढ़ रहे हैं गुलदार के हमले
एक सप्ताह के भीतर तहसील में गुलदार एक बालक सहित दो को मौत के घाट उतार चुका है। नवंबर माह में गांव रायपुर सादात क्षेत्र के गांव चमरू नवादा की एक महिला को गुलदार मार चुका है। बच्चों सहित करीब एक दर्जन लोग गुलदार के हमलों से घायल हो चुके हैं।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव प्रेमपुरी में 16 दिसंबर को गुलदार ने गीताराम के छह वर्षीय पुत्र चेतन का आधा शरीर खा लिया था। अगले दिन चेतन का शव खेत से मिला था। 16 दिसंबर को ही प्रेमपुरी की ही हरविंदर की पुत्री इशिका को गुलदार उठाकर ले जा रहा था। परिजनों ने उसे गुलदार से छुड़ाया था। गंभीर रूप से इशिका का इलाज चल रहा है। नजीबाबाद के ही गांव अकबरपुर चौगांवा में चार वर्षीय रोहांश को गुलदार इसी सप्ताह घायल कर चुका है। दो दिन पूर्व दरियापुर क्षेत्र की तायल कॉलोनी में गुलदार ने 12 वर्षीय किशोर अमन को घायल किया था।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/