Mau: ओवरलोड के कारण ट्रक का टायर फटा, मालवाहक से टकरा सड़क किनारे पलटा, 8 घायल
मऊ जिले के पटराव गांव के पास रविवार को एक ट्रक का अगला पहिया फट गया। ट्रक बेकाबू होकर सामने से आ रहे मालवाहक से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गया। हादसे में मालवाहक सवार 8 लोग घायल हो गए। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
विस्तार
यूपी के मऊ जिले के पटराव गांव के पास रविवार को एक ट्रक का अगला पहिया फट गया। ट्रक बेकाबू होकर सामने से आ रहे मालवाहक से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गया। हादसे में मालवाहक सवार 8 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। तीन की गंभीर हालात देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह बालू लदा ट्रक मधुबन की तरफ से आ रहा था। रामपुर थाना क्षेत्र के ढढवल पटराव के पास ओवरलोड होने के चलते ट्रक का अगला पहिया फट गया। जिससे ट्रक बेकाबू होकर सामने आ रहे मालवाहक से टकरा गया। मालवाहक पर टेंट का सामान लदा था। टक्कर से वो भी पलट गया। वहीं ट्रक थोड़ी दूरी पर जाकर सड़क किनारे पलटा।
ये भी पढ़ें: वाराणसी में विदेश मंत्री बोले- दुनिया भर के देशों में हिंदू मंदिरों का कायाकल्प करा रही भारत सरकार
हादसे में मालवाहक सवार बेचन (16), चालक विजय गुप्ता (32), निर्मल (18), अर्जुन (18), अभय (18), रघुनाथ (18), किशन (20) और रवि घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव लाकर भर्ती कराया।
यहां चिकित्सकों ने विजय, अर्जुन, रोशन की हालात गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।