मऊ। बिजली कटौती से परेशान शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी आंबेडकर नगर मुहल्ला निवासी एक परिवार मंगलवार की रात छत पर सो रहा था, इसका फायदा उठाकर चोर नीचे घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देकर लाखों रुपये मूल्य का आभूषण चुरा ले गए। पीड़ित परिवार को इस घटना की जानकारी दूसरे दिन बुधवार की सुबह हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही पीड़ित से तहरीर लेकर लौट गई। पीड़ित के अनुसार चोर उसके घर से करीब दस लाख रुपये का जेवरात चुरा ले गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी मुहल्ले में मौजूद आंबेडकर नगर मुहल्ला निवासी रामबचन पुत्र मुखदेव राजमिस्त्री का कार्य करते है। रामबचन के साथ उनके भाई राजेश तथा पिता मुखदेव एक ही परिसर में अलग-अलग मकान बनवाए हैं। मंगलवार की शाम बिजली कटौती होने पर पीड़ित परिवार भोजन करने के बाद छत पर सोने चले गए। बुधवार की सुबह जब परिजन जगे तो पाया कि घर में सामान इधर उधर बिखरा पड़ा है। वहीं एक कमरे में आलमारी में रखा करीब 75 रुपया नकदी सहित करीब दस लाख मूल्य के जेवरात गायब थे। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल करने के बाद पीड़ित से तहरीर लेकर लौट गई। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित रामबचन ने अज्ञात चोरों को आरोपित किया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस रिपोर्ट दर्ज नही की थी।