मऊ। कोपागंज थाना क्षेत्र के हिकमा गाढा स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक द्वारा दर्जनों ग्राहकों के खाते से रुपये निकालकर फरार हो गया। सोमवार को गुस्साए उपभोक्ताओं ने कोपागंज स्थित स्टेट बैंक पहुंच नारेबाजी कर रुपये वापस कराने की मांग किया। पीड़ितों ने शिकायत मैनेजर को दिया। बलिया जिले के नगरा थाना के ताड़ीबड़ा गांव निवासी संजय शुक्ला कोपागंज थाना के हिकमागाढ़ा में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र चलाता था।एक महीने से वह रुपये निकालने आये ग्राहकों का अंगूठा लगवाकर सर्वर फेल होने की बात कह कर सभी को वापस कर देता था।धीरे धीरे वह लाखों रुपये निकाल कर ग्राहक सेवा केंद्र में ताला लगा भाग गया। उसने अपना मोबाईल भी स्विच ऑफ कर लिया।जब वहां कई दिन बीत जाने के बाद उसका कोई पता नहीं चला तो खाताधारकों ने एसबीआई शाखा के मैनेजर को समस्या से अवगत कराकर अपने रुपयों की मांग किया। खाताधारक विमला चौहान, रुख्शाना, शीला देवी,शहनाज खातून, देवंती, रामजीवन, संगीता, प्रीति खरवार, दीपक साहनी, नंदकिशोर आदि ने एसबीआई के बैंक मैनेजर से जब पहली बार शिकायत किया तो मैनेजर ने पल्ला झाड़ लिया। सोमवार को जब उपभोक्ताओं ने उग्र प्रदर्शन कर मैनेजर को लिखित शिकायत पत्र दिया तो ग्राहकों का कड़ा रुख देख प्रबंधक ने कार्रवाई की बात कही। इस बाबत स्टेट बैंक कोपागंज के मैनेजर लोकेश शुक्ला ने कहा कि उच्च अधिकारियों को पूरी जानकारी दे दी गई है उनका जैसा आदेश होगा वैसा संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।