संवाद न्यूज एजेंसीदोहरीघाट। सरयू नदी का जलस्तर घटने से तटवर्ती इलाकों के लोगों को राहत तो मिली है लेकिन नदी के घटने से कटान का खतरा बढ़ने लगा है। 24 घंटे में नदी के जलस्तर में 20 सेमी का घटाव दर्ज किया गया। अभी भी सरयू नदी खतरे के निशान 69.90 मीटर पर आकर स्थिर है।
सरयू नदी का जलस्तर घटने के बावजूद लोगों की परेशानियां अभी कम नहीं हुई हैं। नदी का जलस्तर अभी भी खतरा बिंदु पर टिका हुआ है। नगर के मुक्तिधाम, भारत माता मंदिर, खाकी बाबा की कुटी, दुर्गा मंदिर, लोक निर्माण विभाग का डाक बंगला, डीह बाबा का मंदिर, हनुमान मंदिर सहित ऐतिहासिक और पौराणिक धरोहरें अब भी खतरे की जद में हैं। मंगलवार को गौरीशंकर घाट पर नदी का जलस्तर 69.90 मीटर रहा। जबकि सोमवार को नदी का जलस्तर 70.10 मीटर था। इस तरह 24 घंटे में नदी के जलस्तर में 20 सेंटीमीटर का घटाव दर्ज किया गया। वहीं, देवारा में भी सरयू नदी का लगातार बढ़ता जलस्तर अब घटने लगा है। मंगलवार दोपहर 12 बजे हाहानाला रेगुलेटर पर जलस्तर 65.60 मीटर दर्ज किया गया, जो सोमवार की तुलना में 20 सेंटीमीटर कम है। एसडीएम मधुबन राजेश अग्रवाल ने बताया कि कटान प्रभावित इलाकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। खतरे वाले घर पहले ही खाली करा लिए गए हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।