Mau News: दोगुना मुनाफा कमाने के लिए बिहार में करते थे शराब की तस्करी, ट्रक चालक समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
Mau News: मऊ जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। बिहार जा रहे ट्रक को रोककर पुलिस ने तलाशी ली तो शराब की खेप बरामद हुई। इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
विस्तार
मऊ जिले की कोपागंज पुलिस और एसओजी टीम को सोमवार की देर रात बड़ी सफलता मिली। संयुक्त टीम ने एक किलोमीटर तक पीछा कर काछीकला ओवरब्रिज के पास से शराब की बड़ी खेप लेकर बिहार जा रहे एक ट्रक को पकड़ लिया। साथ ही पुलिस ने तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कीमत नौ लाख आंकी गई है।
ये है पूरा मामला
कोपागंज और एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक शराब की खेप लेकर बिहार के लिए गुजरने वाली है। इसको लेकर दो टीमों ने भदसा मानोपुर फोरलेन के पास घेराबंदी कर दी। बताया कि सोमवार की रात करीब 10:30 बजे एक ट्रक को जब संयुक्त टीम ने रोकने का प्रयास किया तो रूकने की बजाए भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से अर्लट दोनों टीमों ने दोनों तरफ के रास्ते को बैरीकेडिंग कर दिया था।
ऐसे में महज एक किमी दूर काछीकला ओवरब्रिज के पास चालक ने ट्रक को रोककर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा। जब ट्रक की तलाशी ली गई तो डबल पॉलीथिन से एक लकड़ी के रैक को कवर किया गया था। पॉलीथिन हटाने के बाद जब लकड़ी को हटाया गया तो 41 पेटी (356 लीटर) विदेशी शराब और 168 पेटी (2016 लीटर) बीयर बरामद किया।
इसे भी पढ़ें; नशेड़ी पति की करतूत: 2.20 लाख रुपये में बेच दी थी पत्नी, कोर्ट के आदेश पर डेढ़ साल बाद चार के खिलाफ एफआईआर
नंबर प्लेट बदल कर करते हैं तस्करी
पकड़े गए ट्रक चालक की पहचान बिहार के रामपुर हिंगवा निवासी रंजन कुमार तो तस्करों की पहचान चंदन कुमार, वरुण कुमार भोजपुर बिहार के रूप में हुई। पुलिस को उनके पास से दो मोबाइल फोन मिला। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि बिहार में शराबबंदी के चलते वहां शराब की तस्करी में दोगुना मुनाफा होता है, इसके लिए वह तस्करी करने के लिए हर जिले से गुजरने पर ट्रक का नंबर प्लेट बदलते रहते हैं।