मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों मेें गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर की तल्ख धूप लोगों को अप्रैल में ही मई का अहसास करा रही थी। इसमें चुभन का अहसास था। इसके चलते इस समय बाजारों में पिछले दिनों की अपेक्षा कम लोग दिखाई दिए।गर्मी ने छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को बेहाल कर दिया है। दोपहर के समय स्कूलों की छुट्टी होने पर घर वापस आने वाले बच्चे गर्मी से परेशान नजर आ रहे थे। तेज धूप के चलते गला सूख रहा था और बार-बार अपनी बोतल निकालकर पानी पी रहे थे। अभिभावकों के साथ दुपहिया वाहन पर आने वाले बच्चों को जहां सीधे धूप का सामना करना पड़ रहा था तो स्कूल बस-कार में बैठे बच्चे वाहन के अंदर की गर्मी से परेशान बने हुए थे। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, 19 किमी की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। तेज धूप की वजह से दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा था। तेज धूप और लू से बचने के लिए लोग घरों में दुबके रहे। रोजमर्रा के काम करने वाले भी दोपहर में सुस्ताते नजर आए। दुकानदार आधा शटर गिराकर अंदर कैद रहे। रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के खुरहट, रानीपुर, फतेहपुर, काझा,पलिया, चकिया सहित विभिन्न बाजारों में गन्ने के जूस, नींबू पानी, बेल का शर्बत आदि की दुकानों पर शीतल पेय पीकर गर्मी से राहत पाने का प्रयास करते नजर आए।