मऊ। नगर के चारों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन रविवार को जिले के 43 सरकारी अस्पतालों पर किया गया। मेले में 4135 लोगों को उपचार कर दवाएं वितरित की गईं। घोसी तहसील के सिपाह इब्राहिमाबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने किया। अपने संबोधन में कहा कि आरोग्य मेले में एक ही जगह सभी रोगों की जांच आसानी से हो जाती है। सभी इसका लाभ उठा सकें इसके लिए इसे रविवार को अवकाश के दिन रखा गया है। मेले में मौसमी बुखार की जांच के अलावा गर्भवती, बाल और किशोर स्वास्थ्य से जुड़ी जांच पर खासा जोर रहा। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों ने 226 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं मुहैया कराईं। नगर के छोटी महरनिया, हनुमान नगर, डोमनपुुुरा, भरहु का पुरा नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 700 से ज्यादा मरीजों की जांच डॉ. एम खान,डॉ. अरूण कुमार, दुर्गाप्रताप सिंह, एएनएम सोनू सोनी राय, अंकिता दुबे, बाला साहब, राजीव कुमार ने किया। इस मौके पर नोडल अधिकारी डॉ. पीके राय, डॉ. आरके झा, डॉ. एपी सिंह आदि सीएचसी-पीएचसी केंद्र के प्रभारी तथा अन्य चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे।