UP: 10 मिनट में पकड़ा 15 फीट लंबा अजगर, सूचना के छह घंटे बाद पहुंची वन विभाग की टीम; मुरली हौसला की सराहना
Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में 15 फीट लंबा अजगर देख कनपुरा पुरवे के लोग भयभीत हो गए। वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। वहीं, स्नेक रेस्क्यू विशेषज्ञ मुरली हौसला भी पहुंच गए।
विस्तार
मऊ के बड़राव ब्लॉक क्षेत्र के उसरी खुर्द ग्रामसभा के कनपुरा पुरवे में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गन्ने के खेत में ग्रामीणों को एक विशाल अजगर दिखाई दिया। करीब 15 फीट लंबे इस अजगर को देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गांव के किसान हरिश्चंद्र यादव के खेत में सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने अजगर को देखा और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बावजूद विभाग की टीम मौके पर देर से पहुंची, जिससे करीब छह घंटे तक रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं हो सका।
आखिरकार ग्रामीणों ने पहल करते हुए जौनपुर के स्नेक रेस्क्यू विशेषज्ञ मुरली हौसला को फोन किया। सूचना मिलते ही मुरली हौसला करीब 12:30 बजे मौके पर पहुंचे और महज 10 मिनट में ही अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।
रेस्क्यू के बाद ली राहत की सांस
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की निगरानी में अजगर को सरयू नदी के किनारे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस दौरान वन विभाग के दरोगा विपिन कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अवधेश यादव, हेड कांस्टेबल राजेश यादव सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने रेस्क्यू अभियान को करीब से देखा।
लोगों ने मुरली हौसला के साहस और त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते रेस्क्यू टीम नहीं पहुंचती तो कोई अप्रिय घटना भी हो सकती थी। वहीं वन विभाग ने लोगों से अपील किया कि सांप या अजगर दिखने पर घबराएं नहीं, बल्कि विभाग या मान्यता प्राप्त रेस्क्यू टीम को तुरंत सूचना दें।