मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर शनिवार को रामभक्त हनुमान का गुणगान हुआ। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा-संस्थान के तत्वावधान में सत्य सनातन नारी शक्ति लोक लखनऊ द्वारा दिव्य सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
शाम चार बजे से आयोजित सुंदरकांड के सस्वर पाठ में सत्य सनातन नारी शक्ति लगभग 300 की संख्या में प्रदेश एवं देश के विभिन्न स्थानों से पहुंचीं। अनुराग रोशन व अन्य की रसमय वाणी में सुंदरकांड का पाठ सुनकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शनार्थ पधारे श्रद्धालुजन भी अभिभूत हो उठे। इस अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा-संस्थान द्वारा सभी व्यवस्थाएं कराने के साथ श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी भंडारे का भी आयोजन किया गया।
सत्य सनातन नारी शक्ति लोक लखनऊ की प्रमुख सपना गोयल ने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए संस्थान का आभार व्यक्त किया। इस दौरान संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, राजेश पांडेय, अनुराग पाठक, अरुण कुमार सिंह और दीपक गुप्ता आदि ने ठाकुर जी की आरती उतारी।