नासिर-जुनैद हत्याकांड: 10 हजार के इनामी मोनू और गोगी गिरफ्तार, गो-तस्करी के शक में जिंदा जला दिए गए थे
भरतपुर पुलिस ने गो-तस्करी के शक में नासिर और जुनैद को जिंदा जलाने के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर 10 हजार का इनाम घोषित था। यह लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे।
विस्तार
राजस्थान के भरतपुर में पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने गो-तस्करी के शक में नासिर और जुनैद का अपहरण कर हत्या करने के मामले में फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर 10 हजार का इनाम घोषित था। आईजी और एसपी प्रेस कांफ्रेंस करके इसकी पूरी जानकारी देंगे।
दरअसल, हरियाणा के भिवानी में बीती 16 फरवरी को बोलेरो गाड़ी जली हुई मिली। पास जाकर देखा गया तो पिछली सीट पर जुनैद (35) और नासिर (28) जले मिले थे। पहचान होने के बाद जुनैद के रिश्तेदार इस्माइल ने भरतपुर के गोपालपुरा थाने में तहरीर दी। बताया कि 15 फरवरी की शाम दोनों गांव से निकले थे। हत्या के पीछे बजरंग दल कार्यकर्ताओं के होने की बात कही।
पुलिस को चकमा देकर फरार थे
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे। भरतपुर पुलिस ने इन पर 10 हजार का इनाम घोषित किया। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों आरोपी मोनू राणा और गोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
Bhiwani Killing | Criminals Monu Rana and Gogi carrying a reward of Rs 10,000 have been arrested by Bharatpur police. They were wanted in the kidnapping and murder case of Nasir and Junaid.
IGP Bharatpur and SP Bharatpur will hold a press conference today. — ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) April 14, 2023