चौमुहां (मथुरा)। ब्लॉक चौमुहां के गांव अकबरपुर में कक्षा चार की एक छात्रा ने श्रीराम मंदिर निर्माण
के लिए समर्पण निधि के रूप में अपनी गोलक फोड़कर उसमें निकले 3500 रुपये दानकर अनूठी मिसाल पेश की है। छात्रा के इस कार्य की हर कोई प्रशंसा कर रहा है।
गांव अकबरपुर निवासी गिर्राज अग्रवाल की पुत्री आराध्या अग्रवाल कक्षा चार की छात्रा है। उसने उस वक्त सबको चौंका दिया, जब उसने कहा कि मुझे भी राम मंदिर निर्माण के लिए दान करना है। मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह करने वाली टीम जब उस बालिका के घर पहुंची तो उसने अपने द्वारा जोड़े गए रुपयों से भरी गोलक तोड़ दी। उसके परिजनों ने जब रुपये गिने तो उसमें 3500 रुपये निकले। बालिका ने पूरी धनराशि राम मंदिर निर्माण के लिए दान कर दी। दान की राशि की रसीद भी प्राप्त की। बालिका से जब दान के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि कई वर्ष पूर्व गांव में उसके बाबा कालीचरण अग्रवाल ने राम मंदिर बनवाया था। उसी से उसे राम मंदिर के लिए दान करने की प्रेरणा मिली। मैंने अपनी जमा पूंजी मंदिर निर्माण के लिए दान कर दी। इस मौके पर बालिका के पिता गिर्राज अग्रवाल, जिला संघ चालक लक्ष्मन प्रसाद, जिला प्रचारक संदीप, अभियान प्रमुख भानु प्रताप, मानवेंद्र सिंह, विष्णु खंड कार्यवाह, सतीश निधि प्रमुख आदि मौजूद थे।