मथुरा। बलदेव क्षेत्र के कई गांवों में मक्का की अधिकांश फसल खराब होने का मामला लखनऊ तक पहुंच गया है। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के प्रदेश अध्यक्ष चौ. हरिनाम सिंह वर्मा इस मामले में प्रमुख सचिव कृषि से मिले। उन्होंने जांच के लिए उच्च स्तरीय टीम गठित करने और पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है। इधर, जिला स्तरीय टीम भी किसानों से मिलकर समाधान का आश्वासन दे रही है।
किसान नेताओं का आरोप है कि जिला स्तरीय जांच टीम जानबूझकर मामले को दबाने का प्रयास कर रही। फसलों के नुकसान का सही सर्वे नहीं किया गया जबकि जांच टीम ने बीते रविवार को अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। रिपोर्ट में अधिक तापमान और पछेती बुवाई से फसल खराब होने का कारण बताया है। किसान नेता चौधरी हरिनाम सिंह वर्मा ने प्रमुखसचिव कृषि से मुलाकात के दौरान स्थानीय अधिकारियों पर किसानों की आवाज को दबाने का आरोप लगाया। हिल इंडिया कंपनी के बीज की उच्च स्तरीय कमेटी से जांच कराने की मांग। कंपनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की भी मांग उठाई। इधर, किसान नेता राजकुमार तोमर, कैप्टन ओमवीर सिंह, छोटू चौधरी, उदयवीर सरपंच, प्रेम सिंह सिकरवार, लाल सिंह तोमर ने मंडलायुक्त नागेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है। जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट शासन को भेजी गई है।