Mainpuri Triple Murder Case: डेढ़ किमी दूर दुकान पर बेटे के सिर में मारी गोली, घर जाकर पिता व बहू को भूना
Mainpuri Triple Murder Case: आरोपी ने पहले डेढ़ किमी दूर दुकान पर खड़े बेटे के सिर में गोली मारी। इसके बाद घर जाकर पिता व बहू को भून दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में ट्रिपल मर्डर को अंजाम देने वाला राहुल इस कदर गुस्से में था कि उसने गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दुकान पर पहले कायम सिंह को गोली मारी। इसके बाद तमंचा लेकर उनके घर पहुंचा। यहां उसने अंधाधुंध फायरिंग की। इस दौरान उसने कायम सिंह के पिता और बहू को भी भून दिया। साथ ही सरोजनी गोली लगने से घायल हो गई।
घटना करहल थाना क्षेत्र के नगला अतिराम गांव की है। यहां हुए तिहरे हत्याकांड के बाद ग्रामीणों में खामोशी छाई हुई है। घटना को लेकर कोई खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। रास्ते का विवाद आखिर अचानक से खूनी रूप कैसे ले गया। पुलिस अब इन सब सवालों का जवाब तलाश रही है। रविवार को हुए विवाद के बाद सोबरन का पुत्र राहुल बेहद गुस्से में था।
यह भी पढ़ेंः- वाह रे सिस्टम: 15 डॉक्टरों के नाम पर पंजीकृत हैं 449 हॉस्पिटल और लैब, सभी में फुल टाइम सर्विस देने का दावा
डेढ़ किलो मीटर का रास्ता तय कर घर पहुंचा
सोमवार को गुस्से में भरे राहुल ने घर से करीब डेढ़ किलो मीटर दूर जाकर रास्ते में कायम सिंह को एक दुकान पर खड़ा देखा तो आग बबूला हो गया। उसने तमंचा से कायम सिंह के सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इतने पर भी उसका गुस्सा नहीं थमा। डेढ़ किलो मीटर का रास्ता तय कर वह कायम सिंह के घर पहुंचा। यहां भी अंधाधुंध फायरिंग की।
गोली लगने से सरोजनी भी घायल हो गई
इस दौरान घर के बाहर मौजूद कायम सिंह के वृद्ध पिता रामेश्वर दयाल व भतीजे वीकेश की पत्नी की भी मौत हो गई। सरोजनी भी गोली लगने से घायल हो गई। ताबड़तोड़ गोलियां चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण भी दहशत में आ गए। आरोपी के जाने के बाद आकर देखा तो कायम के घर बाहर पुत्र व भतीजे की बहू के शव पड़े हुए थे। वहीं सरोजनी दर्द से तड़प रही थी। घटना के बाद ही परिजन में चीख पुकार मची हुई है।
यह भी पढ़ेंः- तिहरे हत्याकांड से दहल उठा इलाका: याद आ गया असरोही कांड, वर्चस्व के लिए चार लोगों को गोलियों से भून दिया था
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
नगला अतिराम में तीन लोगों की हत्या की घटना के बाद फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम जांच करने पहुंची। खोजी श्वान ने घटनास्थल पर सुरागकशी की। फॉरेंसिक की टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। मौके से पुलिस को कुछ कारतूस के खाली खोखा भी मिले।
वाकई में तमंचा था या कुछ और
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि हत्याकांड में आरोपी राहुल ने तमंचा का इस्तेमाल किया। लेकिन, जिस तरह से तीन लोगों की हत्या व एक महिला गोली लगने से घायल हुई। इस तरह के हत्याकांड में एक तमंचे का प्रयोग होने की बात खटकती है। हो सकता है कि आरोपी के पास कोई दूसरा हथियार हो। इस संभावना से भी अभी पूरी तरह से इंकार नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ेंः- मरे हुए पति का बदल दिया बाप: संपत्ति हथियाने के लिए बहू ने रची ऐसी साजिश, हकीकत सुन पुलिस के भी उड़ गए होश