नीम के पेड़ से निकल रहा सफेद रंग का पदार्थः लोगों में कौतूहल, देखने वालों की लगी भीड़, चमत्कार बता कर रहे पूजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में नीम के एक पेड़ से अचानक सफेद रंग का झाग जैसा पदार्थ निकलने लगा। ग्रामीणों ने देखा तो वहां भीड़ एकत्र हो गई। धीरे-धीरे खबर आसपास के गांवों में फैल गई। फिर क्या था वहां पर लोगों का हुजूम बढ़ता गया। लोग इसे ईश्वर का चमत्कार बताने लगे। पेड़ की पूजा शुरू हो गई। साथ ही लोग उस सफेद रंग के झाग को बोतलों पर भरकर घर ले जाने लगे।
घटना बिछवां थाना क्षेत्र के करीमगंज गांव की है। यहां सड़क किनारे अनिरुद्ध दुबे के खेत पर खड़े नीम के पेड़ से रविवार को कुछ ग्रामीणों ने सफेद झाग निकलता देखा तो चर्चाएं शुरू हो गईं। शाम होते होते आसपास के गांव में चर्चा फैल गई। शाम होते ही पेड़ के पास ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। कोई इसे चमत्कार तो कोई देवी-देवताओं का प्रकोप बताते हुए पूजा-अर्चना करने लगा।
ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं
खबर फैलते ही यहां बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंच गईं। पेड़ के पास का नजारा किसी मेला जैसा नजर आने लगा। यहां पूजा के साथ ही दक्षिणा चढ़ना भी शुरू हो गई। सोमवार को भी ग्रामीण पेड़ की पूजा-अर्चना करते नजर आए। नीम के पेड़ से सफेद झाग निकलने को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। यह घटना ग्रामीणों के बीच दिन भर चर्चा का विषय रही।
चर्म रोग व सांस की बीमारी में मिल रहा आराम
खेत मालिक अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि यह एक प्राचीन नीम का पेड़ है। इसमें लगातार दूध निकल रहा है। इसे लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। बताया कि लोग नीम से निकलते दूध के दर्शन कर रहे हैं। बताया है कि इस दूध को जो भी चख रहा है, उसे चर्म रोग व सांस की बीमारी में आराम मिल रहा है। कई रोगियों ने चखा है, तो उनको आराम मिल गया है।
वृक्ष में कमी के कारण निकल सकता है झाग
बताया कि इस दृश्य को देखने के लिए गांव के अलावा आसपास से महिलाएं व पुरुष काफी संख्या में एकत्र हो रहे हैं। इसे अंधविश्वास कहा जाए या लोगों की आस्था। लोगों ने पेड़ की पूजा-अर्चना करनी शुरू कर दी है। साथ ही पैसे व पुष्प भी चढ़ा रहे हैं। यहां लगातार लोगों का तांता लगा रहता है। वहीं कृषि वैज्ञानिक ने कहा कि वृक्ष में किसी कमी के कारण इस तरह का झाग निकल सकता है।