UP: महिला रिश्तेदार ने बुलाया घर... फिर युवक को पीट-पीटकर मार डाला, हकीकत ने उड़ाए घरवालों के होश
महिला रिश्तेदार ने लेनदेन की बात करने के लिए युवक को घर बुलाया। यहां पर कहासुनी होने पर उसे पीट-पीटकर मार डाला। हकीकत पता चली तो घरवाले चीख पड़े।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में लेनदेन के विवाद में रिश्तेदारों ने युवक को घर बुलाकर पीट-पीटकर मार डाला। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। वह नोएडा में प्राइवेट बैंक में नौकरी करता था। दो दिन पहले ही घर आया था। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घटना घिरोर थाना थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव की है। राघवेंद्र उर्फ रिंकू (23) नोएडा में प्राइवेट बैंक में नौकरी कर रहा था। 10 फरवरी को वह अपने गांव आया था। वह मूल रूप से थाना क्षेत्र के ही महुआहार कल्होर गांव का रहने वाला था। शनिवार को गंगापुर निवासी उसकी रिश्तेदार बिंदु देवी ने अपने घर रुपये के लेनदेन का हिसाब करने के लिए बुलाया।
मंदिर के पास फेंककर भाग गए
वहां पर बिंदु देवी और उसकी पुत्री केसर के अलावा बिछवां थाना क्षेत्र के गांव जिरौली निवासी अंकुर, नगला खेड़ा निवासी भूरे उर्फ सारनाथ मौजूद थे। बातचीत के दौरान वहां पर विवाद हुआ। इस पर बिंदु व मौजूद लोगों ने मिलकर राघवेंद्र को बांधकर पीटा। इसके बाद देर शाम मरणासन्न हालत में उसे जीटी रोड स्थित बनखंडी मंदिर के पास फेंककर भाग गए।
रविवार की सुबह राघवेंद्र को होश आया तो किसी राहगीर से फोन लेकर परिजन को सूचना दी। एटा जिले के बहलोलपुर गांव निवासी उसके बुआ का लड़का अनिल मौके पर पहुंचा। वह उसे उपचार के लिए फिरोजाबाद ले गया। वहां पुलिस ने युवक के बयान भी दर्ज किए।
मामले में चार नामजद
रविवार की रात हालत गंभीर होने पर उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। आगरा ले जाते समय रास्ते में राघवेंद्र ने दम तोड़ दिया। फिरोजाबाद में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। परिजन ने नामजद लोगों के खिलाफ कुरावली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
एक युवक को घर बुलाकर पीटने का मामला सामने आया है। युवक की मृत्यु के बाद परिजन की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही सभी आरोपी पकड़े जाएंगे। -राहुल मिठास, एएसपी मैनपुरी