Mainpuri News: हर दिन बढ़ रहे वायरल फीवर के मरीज, बच्ची सहित दो की मौत; 58 मरीजों को किया गया भर्ती
मैनपुरी में हर दिन वायरल फीवर के मरीज बढ़ रहे हैं। रविवार को यहां बच्ची सहित दो की मौत हो गई। जबकि 58 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में वायरल फीवर के मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में अलग-अलग क्षेत्र निवासी डेढ़ साल की बच्ची सहित दो मरीजों की बुखार की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं पांच अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिछले एक सप्ताह में 58 मरीजों को जिला अस्पताल में बुखार से संबंधित दिक्कतों के चलते भर्ती कराया गया है।
जिले में बरसात के बीच वायरल फीवर ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। वायरल की चपेट में आने से लोगों की मौत भी हो रही है। थाना औंछा क्षेत्र के गांव देवपुर निवासी जितेंद्र सिंह की डेढ़ साल की पुत्री अयांशी को पिछले कुछ दिनों से बुखार की दिक्कत थी। बुखार से उसका मुंह भी पक गया था। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन रविवार की दोपहर उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे हर संभव उपचार दिया लेकिन उपचार के 10 मिनट बाद ही उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ेंः- हैवान पति: गर्भवती पत्नी से रात में की ऐसी डिमांड, मना किया तो दी दर्दनाक मौत; 10 महीने पहले की थी लव मैरिज
थाना भोगांव क्षेत्र के मौजेपुर हविलिया निवासी 65 वर्षीय भारत सिंह पिछले कुछ दिन से बुखार की चपेट में थे। उन्हें सांस लेने में दिक्कत भी हो रही थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने शनिवार को उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान शनिवार की रात उनकी मौत हो गई।
वायरल फीवर से पीड़ित मरीज एक सप्ताह में जिला अस्पताल में बढ़े हैं। जिला अस्पताल में दर्ज रिकार्ड पर यदि नजर डाली जाए तो पता चलता है कि पिछले एक सप्ताह में जिला अस्पताल की ओपीडी में 655 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। 56 मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया गया है। तीन मरीजों की मौत हुई है।
यह भी पढ़ेंः- मां और दो बेटियों की मौत: एटा में एक साथ जलीं तीन चिताएं तो कांप उठा कलेजा, हर आंख से बह निकली अश्रु धारा
वायरल फीवर के लक्षण-
- शरीर में दर्द होना
- कमजोरी महसूस करना
- भूख न लगना
- मांसपेशियों में दर्द
- सिर में दर्द की शिकायत
वायरल के कारण
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. जेजे राम का कहना है कि संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से उसके वायरस दूसरे व्यक्ति को भी अपनी चपेट में ले लेते हैं। वायरल संक्रमण फैलाने वाले कीटाणु या कीड़े मकौड़े बच्चे को काट लें तो उससे भी वायरल फीवर हो सकता है। दूषित पानी पीने और खान-पान से भी वायरल के मरीज बढ़ रहे हैं।
बचाव के उपाय-
- बच्चे को खूब आराम करने दें
- डॉक्टर द्वारा दी गई दवा की डोज को बीच में न छोड़े, पूरा कोर्स करें
- ऐसे बच्चे जिन्हें पहले से सर्दी, खांसी, जुकाम हों उन बच्चों के संपर्क से दूर रखें
- बच्चों को बाहर की खाद्य सामग्री न दें
- साफ-सफाई का ध्यान रखें।
- बच्चों के हाथ अच्छे से धुलाएं
- साफ कपड़े पहनाएं
- सफाई से रहना सिखाएं