मैनपुरी। सर्दी बढ़ने के साथ ही जिले में अस्थमा, कोल्ड डायरिया और हार्ट के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचे एक साल के बच्चे सहित तीन मरीजों की मौत हो गई। 32 मरीज गंभीर हालत में भर्ती कराए गए। ओपीडी में 956 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखी गई। अस्पताल की ओपीडी में सर्दी, जुकाम, अस्थमा और हार्ट के साथ ही कोल्ड डायरिया के मरीजों की संख्या अधिक रही। कस्बा ज्योंति खुड़िया निवासी रामसनेली लाल (70) को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। कस्बा भोगांव के मोहल्ला मोहम्मद शहीद निवासी वीरेश कुमार (60) को मंगलवार की सुबह सीने में तेज दर्द हुआ। परिजन उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी भोगांव लेकर पहुंचे। यहां स्थिति में सुधार न होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिछवां थाना क्षेत्र के गांव लाहुरीपुर निवासी अंश (1) पुत्र सामंत को पिछले कुछ दिनों से कोल्ड डायरिया की दिक्कत थी। मंगलवार की दोपहर मां उसे गंभीर हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां उसका उपचार शुरू होता इससे पहले ही बच्चे की मौत हो गई। सीएमएस डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि बच्चे सहित सभी मरीजों को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।