युवक की पीट-पीटकर हत्याः सरसों की कतराई को लेकर हुई कहासुनी, दबंगों ने सिर और सीने पर लोहे के कड़ा से किए वार
मैनपुरी में मामूली कहासुनी में दबंगों ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला। घटना से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां मंगलवार की सुबह सरसों की थ्रेसिंग के विवाद में दबंगों ने ट्रैक्टर चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौजूद लोगों से बात करके जानकारी ली। जांच कर रही है।
घटना कुरावली थाना क्षेत्र के गुलाबपुर गांव की है। मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र के नगला अमर सिंह गांव निवासी प्रेमपाल यादव (50) थ्रेसिंग का काम करता था। वह करीब एक सप्ताह पहले अपने कुछ साथियों के साथ गुलाबपुर गांव निवासी अंकित के खेत में सरसों की थ्रेसिंग करने आया था। तब से यहीं आसपास काम कर रहा था। मंगलवार को वह थ्रेसिंग का काम कर रहा था। इसी समय गांव निवासी गोविंद, ओमवीर और गोलू वहां पर आए।
दबंगों ने लाठी-डंडे से उस पर हमला बोल दिया
उन्होंने कहा कि उनके खेत की सरसों की पहले कतराई कर दो। इस पर प्रेमपाल ने कहा कि पहले यहां काम खत्म कर दें, इसके बाद उनके यहां काम कर देंगे। इसी बात पर तीनों आरोपी आग बबूला हो गए। उन्होंने प्रेमपाल को लात घूंसों व लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में प्रेमपाल अधमरा होकर गिर गया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। साथी उसे अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से गांव में दहशत का माहौल हो गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद एएसपी राजेश कुमार, सीओ संजय वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रेमपाल के साथियों व मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन तब तक वह फरार हो गए थे।
एएसपी ने लोगों से बात करके जानकारी ली
पुलिस ने कुतरुआ औंछा गांव निवासी प्रेमपाल के साथी अंकुल कुमार की तहरीर पर तीन नामजद लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। एएसपी राजेश कुमार ने कहा तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।