Mainpuri: हॉस्टल में फंदे से लटक गया 10वीं का छात्र, घर से लौटने के कुछ देर बाद ही परिजन को मिली मौत की खबर
10वीं का छात्र हॉस्टल में फंदे से लटक गया। आज ही वह घर से लौटा था। कुछ देर बाद ही परिजन को मौत की खबर मिली। खबर मिलते ही वह चीख पड़े।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सोमवार को छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी। जानकारी के बाद विद्यालय में मौजूद शिक्षक छात्र को फंदे से उतार कर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र के परिजन को सूचना दी गई। इस दौरान विद्यालय प्रबंधक कहीं नजर नहीं आए। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के कुरावली रोड स्थित डॉ. किरन सौजिया सीनियर सेकंडरी एजुकेशनल एकेडमी के हॉस्टल की है।
मामला औंछा थाना क्षेत्र के नगला देवी गांव की है। गांव निवासी रामप्रसाद का पुत्र शिवम (15) शहर में कुरावली रोड स्थित किरन सौजिया स्कूल में इस वर्ष 10वीं का छात्र था। छुट्टियों में वह हॉस्टल से अपने गांव चला गया था। एक जुलाई को स्कूल खुलने के बाद सुबह हॉस्टल लौट कर आया।
वह तीसरी मंजिल पर बने अपने कमरे में चला गया। दोपहर के समय जब एक शिक्षक कमरे की ओर गए तो देखा कि छात्र फंदे पर लटका हुआ है तो अफरा तफरी मच गई। आनन फानन छात्र को फंदे से उतारने के बाद जिला अस्पताल लेकर आया गया। वहां चिकित्सकों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।
छात्र की मौत की खबर सुनते ही शिक्षकों के चेहरे की हवाइयां उड़ गईं। जिला अस्पताल में काफी देर तक छात्र का शव स्ट्रेचर पर ही पड़ा रहा। इस दौरान स्कूल संचालक भी वहां पर नहीं पहुंचे। वहीं पुलिस को भी कोई सूचना नहीं दी गई थी। छात्र की मौत की खबर परिजन को मिली तो कोहराम मच गया।
छात्र की खुदकुशी को लेकर उठे सवाल
किरण सौजिया के छात्र ने आखिर हॉस्टल में आने के बाद ही खुदकुशी क्यों कि इसको लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। हॉस्टल में इस तरह की मौत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भोगांव के नवोदय में एक छात्रा की संदिग्ध मौत का राज आज तक नहीं खुल सका है। एसआईटी दो इस मामले में जांच कर रही है। प्रधानाचार्या मामले में जेल भी जा चुकी हैं।